तीन चरणों में शुरू होगी दिल्ली मेट्रो, सबसे पहले येलो लाइन पर चलेगी मेट्रो

नई दिल्ली। केंद्र सरकार की ओर से जारी अनलॉक-4 की गाइडलाइन में देशभर में मेट्रो सेवाओं को सात सितम्बर से चलाने की इजाजत दी गई है। इसी के साथ राजधानी दिल्ली में मेट्रो चलने का इंतजार कर रहे लोगों को सात सितम्बर से मेट्रो मिलने लगेगी। हालांकि सात सितम्बर से दिल्ली मेट्रो की शुरुआत तीन चरणों में होगी। इसके लिए केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने बुधवार शाम को मेट्रो ट्रेनों के परिचालन के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) और गाइडलाइन जारी की। इसके साथ ही डीएमआरसी ने मेट्रो परिचालन का टाइम-टेबल जारी किया। इसके तहत मेट्रो की शुरुआत तीन चरणों में होगी। सबसे पहले मेट्रो येलो लाइन पर शुरू की जाएगी। इसके बाद अलग-अलग चरण में मेट्रो का संचालन होगा। इस तरह 12 सितम्बर से सभी लाइन पर मेट्रो सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक चलने लगेगी।

डीएमआरसी के कार्यकारी निदेशक (कॉर्पोरेट कम्यूनिकेशन) अनुज दयाल ने बुधवार जारी विज्ञप्ति में कहा कि दिल्ली मेट्रो सेवाओं को 7 से 12 सितम्बर तक तीन चरणों में क्रमबद्ध तरीके से फिर से शुरू किया जाएगा। आम जनता इन चरणों के तरत दिखाए गए परिचालन समय के अनुसार तारीख से सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
डीएमआरसी द्वारा जारी की गई नई व्यवस्था के अनुसार 7 सितम्बर से तीन चरण में मेट्रो सेवाएं शुरू होंगी और 12 सितम्बर से सभी लाइनों पर मेट्रो चलने लगेंगीं। पहले चरण के पहले फेज में सात सितम्बर से मेट्रो सुबह 7 बजे से 11 बजे तक और शाम को 4 बजे से 8 बजे तक चलेंगी। इस फेज में रेपिड मेट्रो और लाइन-2 (येलो लाइन) को शुरू किया जाएगा। इसके बाद पहले चरण के अंतर्गत ही फेज-2 में 9 सितम्बर से लाइन-3 और 4 (ब्लू लाइन- द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा इलेक्ट्रोनिक सिटी एवं वैशाली) और लाइन-7 (पिंक लाइन) मजलिस पार्क से शिव विहार तक शुरू की जाएंगी। पहले चरण के ही तीसरे फेज में 10 सितम्बर से लाइन-1 (रेड लाइन), लाइन-5 (ग्रीन लाइन) और लाइन-6 (वॉयलेट लाइन) को शुरू किया जाएगा।
इसके बाद दूसरे चरण में 11 सितम्बर से मेट्रो छह घंटे सुबह 7 बजे से दोपहर 01 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी। इस चरण में लाइन-8 (मजेंटा लाइन) और लाइन-9 (ग्रे लाइन) को खोला दिया जाएगा। तीसरे चरण में मेट्रो 12 सितम्बर से सभी लाइनों पर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक चलेंगी। इस दौरान एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को भी शुरू कर दिया जाएगा।
बदल जाएगा यात्रा करने का सफर 
कोरोना काल में दिल्ली मेट्रो में यात्रा करने का तरीका बदल जाएगा। इसके लिए विस्तृत एसओपी तैयार की गई है। मेट्रो में यात्रियों को सामाजिक दूरी का पूरी तरह पालन करना होगा। मास्क पहनना अनिवार्य होगा। केवल स्मार्ट कार्ड का उपयोग और कैशलेस/ऑनलाइन लेनदेन की अनुमति होगी। कंटेनमेंट जोन में एंट्री और एग्जिट गेट बंद रहेंगे। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही व्यक्ति को मेट्रो से यात्रा की इजाजत दी जाएगी। आरोग्य सेतु ऐप के इस्तेमाल के लिए बढ़ावा दिया जाएगा। समय-समय पर पूरे स्टेशन को सैनिटाइज किया जाएगा। एसी में फ्रेश एयर की मात्रा बढ़ाई जाएगी।
The post तीन चरणों में शुरू होगी दिल्ली मेट्रो, सबसे पहले येलो लाइन पर चलेगी मेट्रो appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button