जींदः मतगणना के दौरान EVM को लेकर जेजेपी और कांग्रेस समर्थकों ने हुई झड़प, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

अर्जुन स्टेडियम में चल रही मतगणना के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब सातवें राउंड की गिनती के दौरान जेजेपी के एजेंटों ने आरोप लगाया कि जो ईवीएम खोली गई है। उनके सीरियल नंबर का मिलान सही प्रकार से नहीं हो रहा है। इसको लेकर कांग्रेस के एजेंटों ने भी आपत्ति जताई और मतगणना एजेंटों ने मतगणना हॉल के अंदर ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
यह समाचार जैसे ही मतगणना केंद्र के बाहर डटे दोनों पार्टियों के समर्थकों को मिला, वे भी आक्रोशित हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बाल भवन के बाहर बेरिकेड्स लगाकर रोक लिया। इसी दौरान एसएसपी अश्विन शैणवी पुलिस बल के साथ पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। जब प्रदर्शनकारी नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर उनको खदेड़ दिया।
जब सातवें राउंड की ईवीएम खोली गई तभी मतगणना केंद्र के अंदर मौजूद जेजेपी, कांग्रेस और लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के एजेंट्स ने यह कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया कि ईवीएम का सीरियल नंबर मिलान नहीं हो रहा है। इसको लेकर इन लोगों ने मतगणना केंद्र के अंदर ही नारेबाजी शुरू कर दी। जेजेपी के एजेंट रामफल, कांग्रेस के विरेंद्र जागलान बाहर आ गए और आरोप लगाने लगे कि मतदान के बाद ईवीएम को जब सील किया गया, उन पर सीरियल नंबर लगाए गए थे, लेकिन तीन मशीनों पर वह नंबर ही नहीं मिले।
इससे पूरी प्रक्रिया पर ही सवालिया निशान लग रहे हैं। इसकी सूचना मिलते ही तीनों पार्टियों के समर्थक अर्जुन स्टेडियम के बाहर एकत्रित हो गए और यहां काफी हंगामा किया। काफी देर तक भी जब राजनीतिक दलों के समर्थक नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर इनको खदेड़ दिया। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारी स्कीम नंबर पांच-छह में घुस गए तो कुछ बस स्टैंड की तरफ भागे, पुलिस ने इनको बस स्टैंड तक खदेड़ा।





