जानिए प्रणब मुखर्जी के निधन पर क्‍या बोला चीन? एलएसी पर चल रही है जबरदस्‍त तनातनी

बीजिंग। भारत और चीन के बीच बीते कुछ महीनों से एलएसी पर जबरदस्‍त तनातनी चली आ रही है। वहीं इस बीच सोमवार को देश के पूर्व राष्‍ट्रपति भारत रत्‍न प्रणब मुखर्जी का निधन हो गया। भारत रत्‍न प्रणब दा के निधन पर दुनिया के कई देशों ने संवेदनाएं व्‍यक्‍त कीं और उन्‍हें श्रद्धांजलि दी। वहीं अब चीन ने भी प्रणब दा के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा है कि वह दिग्गज राजनेता थे।

ड्रैगन ने दिवंगत नेता को याद करते हुए कहा कि उनका जाना भारत-चीन की मित्रता के लिए सबसे बड़ी क्षति है। बता दें कि 84 वर्षीय प्रणब मुखर्जी का सोमवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 21 दिन से अस्पताल में थे और अनेक बीमारियों से जूझ रहे थे। भारत रत्न प्रणब मुखर्जी के निधन पर देश में सात दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।
Also Read : दो बार प्रधानमंत्री बनते-बनते रह गए प्रणब दा, किस्‍मत उन्‍हें राष्‍ट्रपति बनाना चाहती थी
चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने एक सवाल के जवाब में बीजिंग में हुई मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि पूर्व राष्ट्रपति मुखर्जी भारत के दिग्गज राजनेता थे। 50 वर्ष की राजनीतिक यात्रा में उन्होंने चीन-भारत संबंधों में सकारात्मक योगदान दिया है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की 2014 में हुई भारत यात्रा और मुखर्जी से मुलाकात का जिक्र करते हुए चुनयिंग ने कहा कि बैठक के बाद दोनों देशों ने करीबी विकास साझेदारी के निर्माण के लिए संयुक्त बयान जारी किया था।
हुआ चुनयिंग ने कहा कि यह भारत और चीन की मित्रता तथा भारत के लिए भारी क्षति है। हम उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हैं और भारत सरकार तथा उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं।
Also Read : जब कांग्रेस पार्टी से निकाल दिए गए थे प्रणब मुखर्जी, फिर बनाई नई पार्टी और फिर…
बता दें कि मंगलवार को प्रणब मुखर्जी के सरकारी निवास 10, राजाजी मार्ग पर उनके पार्थिव शरीर को रखा गया था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तीनों सेनाओं के प्रमुखों समेत कई वीआईपी ने उनके अंतिम दर्शन किए। पूर्व राष्ट्रपति का अंतिम संस्कार लोधी रोड स्थित श्म शान घाट पर किया गया।
The post जानिए प्रणब मुखर्जी के निधन पर क्‍या बोला चीन? एलएसी पर चल रही है जबरदस्‍त तनातनी appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button