जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में पथराव होने से छह घायल

कोतवाली देहात क्षेत्र में चकमार्ग की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में पथराव हो गया। इसमें छह लोग घायल हो गए। नाराज ग्रामीणों ने गोंडा-बेलसर मार्ग जामकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
क्षेत्र के बनघुसरा गांव में उक्त घटना हुई। बताया गया कि गत मंगलवार की रात एक पक्ष के तिलकराम ने विवादित जमीन पर टिनशेड रखकर कब्जा कर लिया। सुबह यह देखकर ग्रामीण जुट गए और दोनो पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी बीच विवाद बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। इसमें तिलकराम, राधे, मंशाराम समेत छह लोग घायल हो गए। वहीं, रास्ते की जमीन पर कब्जा किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने गोंडा-बेलसर मार्ग पर जाम कर दिया और उसे हटाने की मांग करने लगे। एसडीएम सदर वीर बहादुर यादव व सीओ महावीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक देहात राजनाथ सिंह व नगर कोतवाल आलोक राव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाबुझाकर किसी तरह आवागमन बहाल कराया। सीओ ने बताया कि तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।





