चेहरे पर जलन, रेडनेस और ब्रेकआउट्स? ये इशारे बताते हैं कि स्किनकेयर प्रोडक्ट्स बदलने का आ गया है समय

खूबसूरत और चमकती त्वचा पाने के लिए हम अक्सर महंगे क्रीम, सीरम और फेस वॉश का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन क्या आप इस बात पर ध्यान देते हैं कि ये प्रोडक्ट्स आपकी स्किन को सूट भी कर रहे हैं या नहीं?
दरअसल, कभी-कभी स्किनकेयर रूटीन पर पूरा ध्यान देने के बावजूद स्किन बेहतर होने की जगह डैमेज होने लगती है। असल में, हर स्किनकेयर प्रोडक्ट हर किसी के लिए नहीं होता। इसलिए सावधानी जरूरी है। अगर आपका स्किनकेयर रूटीन आपकी स्किन टाइप के लिए सही नहीं है, तो आपका चेहरा आपको कुछ वॉर्निंग सिग्नल देने लगता है। आइए जानें ये क्या संकेत हैं।
चेहरे पर अचानक और लगातार ब्रेकआउट्स
अगर आपको नए प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने के बाद छोटे-छोटे दाने या गहरे मुंहासे होने लगे हैं, तो यह संकेत है कि आपके प्रोडक्ट्स में ऐसे तत्व हैं जो आपके पोर्स को बंद कर रहे हैं। कभी-कभी बहुत हैवी क्रीम या ऑयल-बेस्ड क्लींजर ऑयली स्किन वालों के लिए मुसीबत बन जाते हैं।
त्वचा में खिंचाव और ड्राईनेस
चेहरा धोने के तुरंत बाद अगर आपको अपनी त्वचा बहुत ज्यादा खिंची-खिंची या सूखी महसूस होती है, तो समझ लीजिए कि आपका फेस वॉश बहुत ज्यादा हार्ष है। कई क्लींजर त्वचा के नेचुरल ऑयल को पूरी तरह खत्म कर देते हैं, जिससे स्किन बैरियर कमजोर हो जाता है। एक अच्छा क्लींजर चेहरा साफ करने के बाद भी त्वचा को कोमल बनाए रखता है।
जलन, खुजली या रेडनेस
प्रोडक्ट लगाने के तुरंत बाद अगर चेहरे पर हल्की झनझनाहट, जलन या रैशेज पड़ते हैं, तो यह एलर्जिक रिएक्शन का संकेत है। अक्सर खुशबू वाले प्रोडक्ट्स या बहुत ज्यादा मात्रा में एक्टिव इंग्रीडिएंट्स का इस्तेमाल करने से त्वचा सेंसिटिव हो जाती है और लाल पड़ने लगती है। बर्निंग का मतलब यह नहीं होता कि प्रोडक्ट काम कर रहा है। इसका मतलब है यह स्किन को सूट नहीं कर रहा।
चेहरे का बहुत ज्यादा ऑयली हो जाना
अजीब लग सकता है, लेकिन अगर आपकी त्वचा अचानक से बहुत ज्यादा ऑयल रिलीज करने लगी है, तो इसका कारण आपका रूटीन हो सकता है। जब आप बहुत ज्यादा ड्राइंग प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करते हैं, तो त्वचा को लगता है कि वह सूख रही है। इसकी भरपाई करने के लिए स्किन के नीचे के ऑयल ग्लैंड्स जरूरत से ज्यादा तेल बनाने लगती हैं। यह इस बात का संकेत है कि आपकी त्वचा हाइड्रेशन की कमी से जूझ रही है।
असमान रंगत और डलनेस
एक सही स्किनकेयर रूटीन का काम चेहरे पर ग्लो लाना होता है, लेकिन अगर हफ्तों तक रूटीन फॉलो करने के बाद भी चेहरा थका हुआ, बेजान या पिग्मेंटेड नजर आ रहा है, तो इसका मतलब है कि आप गलत एक्सफोलिएटर का इस्तेमाल कर रहे हैं। बहुत ज्यादा स्क्रबिंग या गलत केमिकल पील्स त्वचा की ऊपरी परत को डैमेज कर देते हैं, जिससे उसका प्राकृतिक निखार चला जाता है।





