घूमने के लिए दुनिया में ऑस्ट्रेलिया को सबसे अलग बनाती है यहां की आबोहवा….

मुझे प्राकृतिक सुंदरता वाली जगहें बहुत पसंद हैं। मेरी जहां-जहां वर्कशॉप होती है, उन जगहों को देखने-जानने की भी कोशिश करता हूं। इस तरह मैंने भारत समेत दुनिया भर के कई शहरों को देख लिया है। भारत में उत्तर भारत के कई शहरों को देख चुका हूं, चाहे वह आगरा हो या दिल्ली। मैं भारत से बाहर जिन जगहों पर गया हूं, उनमें ऑस्ट्रेलिया प्रमुख है। मैं कई बार ऑस्ट्रेलिया गया हूं। इस दौरान मुझे ऑस्ट्रेलिया के शहरों को घूमने का मौका मिला।
मुझे ऑस्ट्रेलिया में सिडनी शहर बहुत पसंद आया। यह ऑस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा और सबसे पुराना शहर है। यह न्यू साउथ वेल्स राज्य की राजधानी है और इसे सबसे सुंदर शहर माना जाता है। सिडनी आधुनिक वास्तुकला और शहरी विकास का प्रतीक है। कुछ समय पहले मैं वहां एक शो के सिलसिले में गया था।
ए. आर. रहमान सर के म्यूजिक टूर हो रहे थे, उनमें मैं बैकग्राउंड डांसर था, तो मुझे लगा था कि अभी ‘रंग दे बसंती’ गाना बजेगा, लेकिन यह इनको पसंद आएगा भी। क्या ये लोग गाने को समझ पाएंगे। लेकिन मैंने देखा कि वहां के लोग अंग्रेजी के गानों को उतना पसंद नहीं कर रहे थे, जितना ‘रंग दे बसंती’ या ‘जय हो’ गानों को पसंद कर रहे थे। लोग बैकस्टेज आकर हमारा ऑटोग्राफ ले रहे थे। वह हमें बता रहे थे कि उन्हें भारतीय संस्कृति कितनी पसंद है।
एक बार मैंने शेरवानी पहनी थी, तो लोग तस्वीरें लेने लगे। उन्होंने भारतीय पहनावे खासकर शेरवानी के प्रति अपनी दीवानगी भी जाहिर की। सिडनी के लोगों का भारतीय संस्कृति के प्रति प्यार देखकर मुझे अच्छा लगा। जब मैं पहली बार सिडनी गया था, तो मुझे लग रहा था कि कोई मदद नहीं करेगा, लेकिन वहां के लोग बहुत मददगार हैं। अगर आप कहीं का पता पूछोगे या रेस्तरां के बारे में पूछोगे तो लोग इतने मददगार हैं कि कोई-कोई तो अपनी गाड़ी से उस जगह छोड़ भी आता है या वह उस जगह के आसपास छोड़ देता है।
यह बहुत ही साफ शहर है। इतना साफ शहर मैंने अब तक नहीं देखा। एक और चीज जो मुझे बहुत पसंद आई कि वहां के लोग नियमों को बहुत मानते हैं। चाहे वह गाड़ी चलाने के नियम हों, सड़क पार करने के नियम हों। बहुत अनुशासन है वहां। सिडनी ब्राउन रेत के खूबसूरत बीच, सुहावना मौसम और डार्लिंग हार्बर के लिए प्रसिद्ध है। सिडनी में और भी घूमने की बहुत-सी जगहें हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलियन म्यूजियम, रॉयल बोटेनिक गार्डन, बॉन्डी बीच, निल्सन पार्क के अलावा ऑस्ट्रेलियन नेशनल मैरिटाइम म्यूजियम, चाइनीज गार्डन, म्यूजियम ऑफ कंटैम्परेरी आर्ट, पॉवर हाउस म्यूजियम, सिडनी एक्वेरियम, सिडनी हार्वर ब्रिज, सिडनी ओपेरा हाउस प्रमुख हैं।
यहां कई खूबसूरत रेतीले बीच हैं, जिनमें से कूजी, क्रोन्यूला, कोलेरॉय और पाम बीच प्रमुख हैं। मैं बार-बार इस शहर की खूबसूरती में डूबना चाहता हूं। फिलहाल मैं सोनी टीवी पर प्रसारित हो रहे ‘सुपर डांसर चैप्टर 3- डांस का कल’ में व्यस्त हूं, लेकिन कोशिश रहेगी कि वक्त निकालकर वहां फिर से जाऊं।





