घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसी पनीर शिमला मिर्च की सब्जी

पनीर और शिमला मिर्च का मेल भारतीय रसोई के सबसे टेस्टी कॉम्बिनेशन में से एक है। चाहे घर पर कोई मेहमान आने वाले हों या रात के खाने में कुछ खास बनाने का मन हो, पनीर शिमला मिर्च की सब्जी हमेशा एक हिट ऑप्शन साबित होती है।
शिमला मिर्च का कुरकुरापन और पनीर की सॉफ्टनेस जब मसालों के साथ मिलती है, तो एक लाजवाब स्वाद मिलता है। आइए जानते हैं घर पर टेस्टी पनीर शिमला मिर्च की सब्जी बनाने की आसान और बेहतरीन रेसिपी।
सामग्री
मुख्य सामग्री- 250 ग्राम पनीर (क्यूब्स में कटा हुआ), 2 मध्यम शिमला मिर्च (चौकोर कटी हुई), 2 बड़े प्याज (बारीक कटे हुए)
प्यूरी के लिए- 3 टमाटर, 1 इंच अदरक का टुकड़ा, 2-3 हरी मिर्च
मसाले- 1 छोटा चम्मच जीरा, 1/2 छोटा चम्मच हल्दी, 1 बड़ा चम्मच धनिया पाउडर, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला और स्वादानुसार नमक
अन्य- 2 बड़े चम्मच तेल या घी, 1 बड़ा चम्मच मलाई या क्रीम (ऑप्शनल), बारीक कटा हरा धनिया और एक चुटकी कसूरी मेथी।
बनाने की विधि
सबसे पहले एक कड़ाही में थोड़ा-सा तेल गरम करें। इसमें कटे हुए पनीर के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक तल लें और फिर उन्हें गुनगुने पानी में डाल दें। इससे पनीर नरम बना रहता है। अब उसी तेल में कटी हुई शिमला मिर्च को 2-3 मिनट तक तेज आंच पर भूनें, ताकि उसका कच्चापन निकल जाए लेकिन कुरकुरापन बना रहे। इन्हें निकालकर अलग रख दें।
अब उसी कड़ाही में थोड़ा और तेल डालें। जीरा चटकाएं और फिर बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमें टमाटर, अदरक और मिर्च का पेस्ट डालें। इसे तब तक पकाएं जब तक कि मसाला तेल न छोड़ने लगे।
जब टमाटर पक जाए, तो आंच धीमी करें और हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें। मसालों को जलने से बचाने के लिए आप एक-दो चम्मच पानी डाल सकते हैं। अगर आप ग्रेवी को थिक बनाना चाहते हैं, तो इस समय एक चम्मच ताजी मलाई डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
अब तैयार मसाले में भुनी हुई शिमला मिर्च और पानी से निकालकर पनीर के टुकड़े डालें। हल्के हाथों से मिलाएं, ताकि पनीर टूटे नहीं। अगर आप सूखी सब्जी चाहते हैं तो इसे ऐसे ही रहने दें, और अगर हल्की ग्रेवी चाहिए तो आधा कप गरम पानी डालें।
इसके बाद सब्जी को ढंककर 4-5 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। लास्ट में गरम मसाला और कसूरी मेथी को हाथों से रगड़कर ऊपर से डालें। बारीक कटे हरे धनिये से सजाएं।
प्रो टिप
सब्जी का स्वाद दोगुना करने के लिए, लास्ट में थोड़ा सा कद्दूकस किया हुआ पनीर ऊपर से डालें। इससे ग्रेवी और भी गाढ़ी और स्वादिष्ट लगती है।
सूरी मेथी को कभी न भूलें, क्योंकि यही वह सीक्रेट इंग्रीडिएंट है जो सब्जी को रेस्टोरेंट जैसा स्वाद और खुशबू देती है।
यह गर्मागर्म सब्जी तवा रोटी, लच्छा परांठा या नान के साथ बेहतरीन लगती है। आप इसे जीरा राइस के साथ भी परोस सकते हैं।





