घरों से एक दिन पहले निकलने के बाद थे गायब,पेड़ पर फंदे से लटके मिले प्रेमी-प्रेमिका

डौकी के कुंडौल-कछपुरा मार्ग पर रविवार सुबह पेड़ पर प्रेमी-प्रेमिका के शव फंदे पर लटके मिले। दोनों शनिवार देर शाम से घरों से निकलने के बाद लापता थे। घटना की जानकारी होने पर आसपास गांव के दर्जनों ग्रामीण वहां जुट गए। मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से शवों को पेड़ से नीचे उतारा।
डौकी क्षेत्र निवासी रामपाल के नवीं कक्षा की छात्रा से प्रेम संबंध थे। एत्माद्दौला स्थित एक चैन फैक्ट्री में कारीगर रामपाल और छात्रा के परिजनों को इन संबंधों की भनक लगने के बाद उनके मिलने-जुलने पर रोक लगा दी थी। बताते हैं इसे लेकर दोनों क्षुब्ध थे। शनिवार की शाम छह बजे रामपाल और छात्रा रात आठ बजे घर से निकलने के बाद लापता थी।
जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को नीचे उतारा। एसपी ग्रामीण प्रमोद कुमार के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला खुदकशी का प्रतीत होता है। मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
दो महीने पहले हुई थी पिटाई
गांव में चर्चा है कि प्रेमी-प्रेमिका के परिजनों को उनके रिश्तों की भनक लगने के बाद दोनों की पिटाई की गयी थी। मिलने-जुलने पर रोक लगाने से दोनों परेशान थे। रामपाल दस दिन से काम पर नहीं जा रहा था।





