गोहद के नूरगंज इलाके में रहने वाली 2 सगी बहनों की पेट दर्द होने से हो गई मौत, पढ़े पूरी खबर

गोहद के नूरगंज इलाके में रहने वाली 2 सगी बहनों की पेट दर्द होने से मौत हो गई। परिजन का कहना है कि दोनों बहनों ने रात में सोने से पहले चाऊमीन खाई थी और पेप्सी पी थी। रात में अचानक से दोनों के पेट में दर्द हुआ। परिजन ने दोनों बहनों की घर पर ही गर्म पानी और नकम की सिकाई की, लेकिन तबीयत में आराम नहीं मिला तो गोहद अस्पताल लेकर गए।

अस्पताल में प्राइमरी इलाज के बाद दोनों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया। ग्वालियर जाते में दोनों बहनों की मौत हो गई। पुलिस ने परिजन की शिकायत के बाद पेप्सी की वह बोतल जब्त की है, जिसे दोनों बहनों ने सोने से पहले पिया था। डॉक्टर का कहना है पीएम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी।

जिद कर मंगवाई थी पेप्सी की बोतल

गोहद के नूरगंज वार्ड 5 इलाके में रहने वाले शब्बीर खान की बेटी सायमा (7) और गौसिया (5) पिछले 3-4 दिन से चाऊमीन खाने और कोल्डड्रिंक की जिद कर रही थी। सोमवार रात को दोनों बहनों ने जिद की तो परिजन ने ठेले पर बिक रही चाऊमीन दोनों को मंगवा दी। दोनों बहनों ने चाऊमीन खाई। इसके कुछ देर बाद शब्बीर खान बाजार से 1 लीटर पेप्सी की बोतल ले आए।

दोनों बहनों ने कोल्डड्रिंक पी। कोल्डड्रिंक पीने के बाद दोनों बहने सो गईं। रात करीब 11 बजे पहले गौसिया के पेट में दर्द शुरू हुआ। उसने मां सन्नाो बानों को बताया। मां ने पेट दर्द कम करने के लिए गरम पानी में नमक मिलाकर सिकाई की। इसी दौरान सायमा के पेट में दर्द होने लगा।

दर्द तेज हुआ तो सन्नाो ने पति शब्बीर खान को जगाकर बताया कि बेटियों के पेट में दर्द हो रहा है। शब्बीर खान दोनों बेटियों को इलाज के लिए गोहद अस्पताल ले गए। यहां ड्यूटी पर मिले डॉक्टर ने प्राइमरी इलाज शुरू किया। तबीयत में सुधार नहीं हुआ तो डॉक्टर ने दोनों बहनों को ग्वालियर रेफर कर दिया। ग्वालियर पहुंचने से पहले दोनों बहनों ने दम तोड़ दी।

पुलिस ने जब्त की पेप्सी की बोतल

परिजन दोनों बहनों को ग्वालियर के रास्ते से वापस गोहद अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टर को पहले ही बताया जा चुका था कि दोनों ने चाऊमीन खाई थी और सोने से पहले कोल्डड्रिंक पी थी। ऐसे में पुलिस को सूचना कर दी गई। कोल्डड्रिंक और चाऊमीन के सेवन से मौत होने की बात सामने आने पर गोहद थाने की पुलिस ने श्री खान के घर से पेप्सी की बोतल जब्त की। दोनों बहनों के शव का पीएम किया गया। डॉक्टर का कहना है जांच के लिए बिसरा प्रिजर्व किया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।

सगी बहनों की मौत से छाया मातम

गोहद के नूरगंज इलाके में सगी बहनों की मौत से मातम छा गया है। यहां बता दें कि सन्नाो बानो और शब्बीर खान के घर में सिर्फ दोनों बेटियां ही थी। अचानक से बेटियों की मौत होने से मां की गोद सूनी हो गई। घर में किसी को यकीन ही नहीं हो रहा था कि जो बहनें सोमवार देर शाम तक चाऊमीन और कोल्डड्रिंक मंगवाने की जिद कर रही थी, वो अब उनके बीच में नहीं हैं। मां सन्नाा बानों और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोस की महिलाएं मां को ढांढस बंधा रही हैं, लेकिन उनके आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं।

खतरनाक है चाऊमीन का लगातार सेवन

– चाऊमीन में स्वाद बढ़ाने के लिए एसिड मिलाया जाता है। इसमें अजीनोमोटो जैसे रसायन का उपयोग भी किया जाता है। यह ग्रंथियों को नुकसान पहुंचाता है।

– चाऊमीन मैदे की बनी होती है। इसलिए यह आंतों में चिपकती है और कब्ज पैदा करती है। इसके लगातार सेवन से पेट पूरी तरह से साफ नहीं होता है। मैदे के टुकड़े शरीर के अपेंडिक्स पर असर डालकर इंफेक्शन करते हैं।

– चाऊमीन के साथ मिलाकर खाई जाने वाली सॉस कई बार एक्सपायर हो चुकी होती है। या बेहद घटिया किस्म की होती है। इस तरह की सॉस खाने से कब्ज होती है। इससे लंबे समय तक बीमारियों से जूझना पड़ सकता है।

– चाऊमीन में कच्ची सब्जियों का प्रयोग किया जाता है। इनमें कीटाणु होते हैं, जो खतरनाक हो सकते हैं। इसका असर न्यूरो सिस्टम पर पड़ता है। इससे मिर्गी के दौरे आने की बीमारी हो सकती है।

– चाऊमीन बनाने में रेड, ग्रीन चिली, सिरका और अजीनोमोटो कैमिकल डाले जाते हैं। यह कैंसर की बीमारी दे सकता है। साथ ही यह हड्डियों को कमजोर कर इन्हें गलाने लगता है।

कोल्ड ड्रिंक पीने से यह होता है नुकसान

– 1 कैन या 200 एमएल की बॉटल कोल्डड्रिंक्स पीने से आप शुरुआती 10 मिनट में ही दिनभर में ली जाने वाली शुगर की मात्रा को ग्रहण कर लेते हैं। इससे शरीर में शुगर बढ़ती है।

– कैफीन युक्त कोल्डड्रिंक पीने से 20 मिनट बाद ही शरीर में ब्लड शुगर का स्तर तेजी से बढ़ता है। इसका लगातार प्रयोग शर्करा और सोडियम की मात्रा को बढ़ाता है।

– कोल्ड ड्रिंक की शुगर को लिवर वसा के रूप में संग्रहित करता है। इससे वजन तेजी से बढ़ना शुरू हो जाता है। अनावश्यक फैट शरीर में जमा होता है। इससे ह्दय रोग, डयबिटीज और कैंसर हो सकता है।

– इसका लगातार सेवन ब्लड प्रेशर को बढ़ाता है। इसका असर मस्तिष्क पर भी पड़ता है। दिमाग पर इसका असर नशीले पदार्थों की तरह होने लगता है।

– कोल्डड्रिंक पीने के बाद यूरिन त्यागते हैं तो शरीर से आपकी हड्डियों के लिए बेहद आवश्यक कैल्शियम, मैग्नीशियम और जिंक यूरिन के साथ निकल जाता है। इससे शरीर को गंभीर नुकसान होता है।

बच्चियों के परिजन का कहना है कि दोनों की तबीयत चाऊमीन और कोल्डड्रिंक के सेवन से बिगड़ी है। बिसरा को जांच के लिए प्रिजर्व करवाया है। बच्चियों के घर से पेप्सी की बोतल को भी प्रिजर्व करवा लिया है।रमेश कुमार शाक्य, टीआई, थाना गोहद

जंक फूड शरीर के लिए बेहद खतरनाक हैं। बाजार में बिकने वाली चाऊमीन, मैगी और कोल्डड्रिंक का लगातार सेवन शरीर में कई घातक रोगों को पैदा कर सकता है। बच्चों में इसके नुकसान जानलेवा साबित होते हैं।डॉ अजीत प्रसाद मिश्रा, सिविल सर्जन, जिला अस्पताल भिंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button