गाजियाबाद में नर्सों से जमातियों की अभद्रता पर बोले योगी- यह जघन्य अपराध, इन पर रासुका के तहत करेंगे कार्रवाई
लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार तब्लीगी जमात के मरकज से लौटे लोगों की पहचान करने में जुटी है। शुक्रवार को कानपुर और सहारनपुर में तब्लीगी जमात से जुड़े 65 विदेशी नागरिक पकड़े गए। इससे पहले अधिकारियों ने 429 जमातियों के सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे थे। इनमें से आज 42 के संक्रमित होने की रिपोर्ट आई। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोनावायरस से पीड़ित मरीजों की संख्या 172 हो गई है।
वहीं, गाजियाबाद में क्वारैंटाइन में किए गए जमातियों के द्वारा नर्सों से अभद्रता करने के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई करने का आदेश दिया है। योगी ने कहा, ‘‘ये लोग मानवता के दुश्मन हैं, जो कानून-व्यवस्था को नहीं मानेंगे। इन्होंने महिला स्वास्थ्यकर्मियों के साथ जो किया है, वह जघन्य अपराध है। हम इन्हें नहीं छोड़ेंगे।’’
अलीगढ़ के बाद कन्नौज जिले में भी नमाज के लिए जुट रही भीड़ को रोकने गई पुलिस टीम पर पथराव हुआ। इस हमले में जख्मी 4 पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस हमलावरों की तलाश में इलाके में छापेमारी कर रही है। अलीगढ़ में पथराव करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मौलाना रशीद फिरंगी महली ने फतवा जारी कर कहा है कि दूसरों की जान खतरे में डालना इस्लाम के खिलाफ है। इसलिए सब लोग मिलकर सरकार का सहयोग करें। अपनी कोरोना जांच कराएं।
यूपी में 172 संक्रमित, आज 44 नए पॉजिटिव मिले
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को 44 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या 172 हो गई है। इनमें से 42 तब्लीगी जमात के मरकज में शामिल हुए थे, जो पिछले दिनों यूपी के अलग-अलग जिलों में लौटे हैं। संक्रमित 6 जमाती कानपुर के अस्पताल में भर्ती हैं। इनके संपर्क में कौन-कौन लोग आए हैं। उन्हें तलाशना बड़ी चुनौती है। सभी संक्रमित लोगों के परिजन को क्वारैंटाइन किया गया है





