गर्मियों की छुट्टियों में घूमने के लिए बना रहे है प्लान तो ये हैं देखें किस जगह का क्या है टूर पैकेज

स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं। स्कूल अभी जूनियर विंग की छुट्टियां कर रहे हैं। मई अंत तक सीनियर कक्षाओं में भी ग्रीष्मावकाश प्रारंभ हो जाएंगे। इन छुट्टियों के साथ ही लोगों ने परिवार सहित पहाड़ियों की तरफ घूमने की योजना बना ली है।
मेरठ से उत्तराखंड और हिमाचल के पर्यटन स्थल नजदीक होने के कारण छोटे टूर पैकेज में लोग पहाड़ों पर जाने की योजना बना रहे हैं। वहीं 7 दिन से अधिक की टूर प्लानिंग के लिए महाराष्ट्र, गोवा, तमिलनाडु, केरल की बुकिंग कराई है।

कुछ परिवार मलेशिया, दुबई, हांगकांग घूमने की भी योजना बना रहे है। इसके अलावा बिना टूर पैकेज बुक कराए लोग व्यक्तिगत तौर पर छोटे टूर में मनाली, शिमला, लैंसडाउन, मसूरी, नैनीताल, मथुरा, वृंदावन, चंडीगढ़ जयपुर, आगरा भी घूमने जा रहे हैं। कुछ लोगों ने छह महीने पहले ही टूर बुकिंग करा ली थी, तो कई परिवार अब ऑनलाइन व ऑफलाइन बुकिंग करा रहे हैं।
गर्मी की छुट्टियों में टूर एंड ट्रेवल कंपनियों के अच्छे कारोबार का मौसम होता है। इस मौसम को पूरा भुनाने के लिए ट्रैवल कंपनियां भी कई प्रकार के छूट पैकेज दे रही हैं। सस्ते टूर पैकेज के अलावा छूट भी है। ताकि लोग अधिक से अधिक घूमने जाएं।

कंपनियों द्वारा दिए जा रहे टूर पैकेज में शहर से संबंधित स्थान तक जाने की सुविधा, संबंधित पर्यटन स्थल पर ठहरना, लंच, डिनर, ब्रेकफास्ट की सुविधा, पर्यटन स्थल पर घूमने की सुविधा शामिल होती है। पैकेज रेट के अनुसार ये सुविधाएं बदल जाती हैं। इसके अलावा डेस्टिनेशन पर पहुंचकर जो भी अतिरिक्त खर्चे होते हैं वो पैसेंजर को स्वयं वहन करना होता है। साथ ही इसमें टूरिज्म इंश्योरेंस भी शामिल होता है।

गोवा– 4 रात 5 दिन- 21, 000 रुपये
गुजरात-2 रात 3 दिन- 15, 250 रुपये
राजस्थान– 5 रात 6 दिन- 20,000 रुपये
कश्मीर– 2 रात 3 दिन- 30,000 रुपये
केरल- 5 रात 6 दिन- 27, 000 रुपये
अंडमान निकोबार- 4 रात 5 दिन- 50,000 रुपये
दार्जलिंग गंगटोक- 5 रात 6 दिन- 30,000 रुपये





