खाकी वर्दी में फिर दिखेंगे Shah Rukh Khan

हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार शाह रुख खान का नाम सिनेमाई गलियारे में अक्सर चर्चा का विषय बना रहता है। अपनी आने वाली फिल्म किंग को लेकर फिलहाल वह लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। लेकिन एक मूवी और है, जिसकी वजह से शाह रुख लाइमलाइट में छाए हुए हैं।

शाह रुख खान की ये मूवी साउथ सिनेमा से नाता रखती है और वह एक दिग्गज फिल्म कलाकार के साथ पर्दे पर नजर आएंगे। अब खबर आ रही है कि इस फिल्म में वह पुलिस ऑफिसर की भूमिका में नजर आएंगे। आइए इस मामले को थोड़ा और विस्तार से जानते हैं-

इस मूवी में पुलिस ऑफिसर बनेंगे शाह रुख
साल 2023 में साउथ फिल्म डायरेक्टर एटली की फिल्म जवान में शाह रुख खान ने पुलिस ऑफिसर जेलर की भूमिका निभाई थी। फैंस का उनका ये रोल काफी पसंद आया था और जवान मेगा ब्लॉकबस्टर बनी थी।अब खबर आ रही है कि शाह रुख एक बार फिर से पर्दे पर खाकी वर्दी में अपना रौब दिखाते हुए नजर आएंगे।

समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार शाह रुख खान साउथ के महा नायक रंजनीकांत की मोस्ट अवेटेड मूवी जेलर 2 में नजर आएंगे। इस फिल्म में किंग खान कैमियो रोल प्ले करते नजर आएंगे, जोकि एक पुलिस ऑफिसर का रहेगा। इस तरह से जवान की रिलीज के करीब 3 साल बाद शाह रुख पुलिस यूनिफॉर्म में नजर आएंगे और बड़े पर्दे पर धमाल मचाते हुए नजर आएंगे। जेलर 2 को लेकर शाह रुख खान लंबे समय से सुर्खियां बटोर रहे हैं और फैंस उन्हें रजनीकांत के साथ देखने के लिए बेताब हैं।

गौर किया जाए जेलर 2 की कास्ट की तरफ तो इस मूवी में रजनीकांत, शाह रुख खान के अलावा राम्या कृष्णन, विद्या बालन, मोहनलाल और विजय सेतुपति जैसे कलाकार नजर आ सकते हैं। बता दें कि 2023 में आई जेलर वर्ल्डवाइड 650 करोड़ से ज्यादा का कारोबार कर ब्लॉकबस्टर का टैग हासिल किया।

कब रिलीज होगी जेलर 2
निर्देशक दिलीप कुमार नेल्सन जेलर 2 के जरिए रजनीकांत के साथ वापसी करने के लिए तैयार हैं। बीते साल फिल्म अनाउंसमेंट वीडियो शेयर किया गया था। गौर करें इसकी रिलीज डेट की तरफ तो इसे अगस्त 2026 में रिलीज किया जा सकता है।

Back to top button