क्षेत्रीय दलों को एकजुट करने के लिए तेलंगाना के CM के. चंद्रशेखर राव पहुंचे दिल्ली, आज अखिलेश-मायावती से करेंगे मुलाकात

‘भाजपा-कांग्रेस रहित’ तीसरे मोर्चे के गठन के लिए क्षेत्रीय दलों को एकजुट करने की कोशिश में जुटे तेलंगाना राष्ट्र समिति के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव दिल्ली पहुंच गए हैं। वे बुधवार सुबह 11 से 12 बजे के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती से मुलाकात करेंगे। वे बुधवार को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी औपचारिक भेंट करेंगे।क्षेत्रीय दलों को एकजुट करने के लिए तेलंगाना के CM के. चंद्रशेखर राव पहुंचे दिल्ली, आज अखिलेश-मायावती से करेंगे मुलाकात

अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर तीसरे मोर्चे के गठन को लेकर केसीआर ने सोमवार को कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और रविवार को उड़ीसा के मुख्यमंत्री व बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक से मुलाकात की थी। टीआरएस के दिल्ली कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक राव सोमवार रात को दिल्ली आ गए थे। मंगलवार को पूरे दिन वे अपने घर पर बैठकें करते रहे।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती से भी उनकी मुलाकात को लेकर अटकलें लगती रहीं, लेकिन उत्तर प्रदेश के इन दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों से राव की मुलाकात नहीं हो सकी। अब दोनों नेताओं से मुलाकात का समय बुधवार सुबह 11 से 12 बजे के बीच तय हुआ है। केसीआर यूपी के पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री रह चुके मुलायम सिंह यादव से भी मिलेंगे।

राव की कवायद भाजपा को मदद के लिए : कांग्रेस

कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य राजीव गौड़ा ने आरोप लगाया है कि तेलंगाना के सीएम के. चंद्रशेखर राव क्षेत्रीय दलों को मिलाकर तीसरे मोर्चे के गठन की कवायद इसलिए कर रहे हैं, ताकि आगामी आम चुनावों के बाद भाजपा को पुन: सत्ता पर काबिज करवाया जा सके। उन्होंने दावा किया कि तीसरे मोर्चे में टीआरएस अकेली पार्टी रह जाएगी।
Back to top button