क्या 200 डॉलर प्रति बैरल पार हो जाएगी कच्चे तेल की कीमत?

ईरान ने दुनिया को चेतावनी दी है कि तेल की कीमत 200 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती है। बीते दिनों यानी बुधवार को ईरानी फौज ने खाड़ी में मर्चेंट जहाजों पर हमला किया। ईरान के सैन्य प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फाकारी ने कहा, “क्षेत्रीय सुरक्षा को आपने अस्थिर किया है, इसलिए 200 डॉलर प्रति बैरल तेल के लिए तैयार रहें।”

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बंदरगाहों को निशाना बनाया गया तो क्षेत्र के आर्थिक और व्यापारिक केंद्र भी हमारे टारगेट होंगे। अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों से शुरू हुए इस युद्ध को लगभग दो हफ्ते हो चुके हैं। अब तक करीब 2,000 लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें ज्यादातर ईरानी और लेबनानी हैं। युद्ध अब लेबनान तक फैल चुका है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और परिवहन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गए हैं।

अमेरिकी रक्षा विभाग ने इसे युद्ध शुरू होने के बाद से सबसे तीव्र हवाई हमलों की कार्रवाई बताया है। इसके बावजूद ईरान ने इजरायल और पूरे मध्य पूर्व में लक्ष्यों पर हमले किए, जिससे साबित हुआ कि वह अभी भी जवाबी कार्रवाई करने की स्थिति में है।

ईरान का खाड़ी में जहाजों पर हमला
ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि उसने खाड़ी में उन जहाजों पर गोलीबारी की है। ये वो जहाज हैं जो उनका कहना नहीं मान रहे हैं। उनके आदेशों का पालन नहीं कर रहे थे। बुधवार को तीन जहाजों पर हमले की खबर आई।

एक थाई झंडे वाला बल्क कैरियर आग की लपटों में घिर गया, क्रू को निकाला गया लेकिन तीन लोग लापता हैं, जिन्हें इंजन रूम में फंसा माना जा रहा है। एक जापानी कंटेनर जहाज और मार्शल आइलैंड्स का बल्क कैरियर भी प्रोजेक्टाइल से क्षतिग्रस्त हुआ। युद्ध शुरू होने से अब तक 14 मर्चेंट जहाजों पर हमले हो चुके हैं।

Back to top button