क्या वाकई राकेश बेदी के Uri के रोल में छिपा था Dhurandhar 2 का स्पॉइलर?

आदित्य धर डायरेक्टोरियल धुरंधर 2 (Dhurandhar 2) ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रखा है। इस फिल्म में रणवीर सिंह (Ranveer Singh), संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कलाकार नजर आए।
अपनी पीक डिटेलिंग, शानदार एक्शन और कास्टिंग की वजह से धुरंधर 2 इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ने ना सिर्फ अपने स्केल और परफॉर्मेंस की वजह से चर्चा में रही बल्कि इस पर कई सारी फैन थ्योरीज भी सामने आईं।
पाकिस्तानी नेता बने हैं राकेश बेदी
इसी में से एक थ्योरी राकेश बेदी के रोल जमील जमाली की है। फिल्म में राकेश बेदी को एक पाकिस्तानी राजनेता के रूप में दिखाया गया है जो 45 सालों से अधिक समय से पाकिस्तान में सक्रिय हैं। हालांकि,कहानी में तब एक चौंकाने वाला मोड़ आता है जब क्लाइमेक्स में भारत के प्रति उनकी छिपी हुई निष्ठा का खुलासा होता है।
अब इस थ्योरी ने फैंस का ध्यान इसलिए खींचा क्योंकि उरी द सर्जिकल स्ट्राइक में राकेश बेदी का रोल ऐसे ही मिलता-जुलता था। उरी में राकेश बेदी ने आईएसआई ऑफिसर का रोल निभाया है जो गुपचुप भारतीय एजेंट के तौर पर काम कर रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं फैंस थ्योरी
अब फैंस के मन में ये सवाल पैदा हो गया है कि क्या आदित्य धर ने सालों पहले ही जमील जमाली की सच्चाई का बीज अप्रत्यक्ष रूप से बो दिया था? ये सारी बातें फैन थ्योरी में सामने आई हैं। कुछ फैंस ने इसे “आदित्य धर सिनेमैटिक यूनिवर्स” का नाम दिया। सोशल मीडिया यूजर्स ने उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक (2019) और धुरंधर: द रिवेंज के बीच कनेक्शन निकालना शुरू कर दिया है, जिससे यह संकेत मिलता है कि राकेश बेदी के किरदार की कहानी को शायद काफी पहले ही चुपचाप तय कर लिया गया था।
आदित्य धर ने नहीं किया कोई कमेंट
एक यूजर ने दोनों मूवी के क्लिप सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि आदित्य धर ने बहुत पहले धुरंधर 2 का स्पाइलर उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक में दे दिया था। इसके बाद कई अन्य यूजर्स ने भी इस फैन थ्योरी पर हामी भरी। हालांकि आदित्य धर ने आधिकारिक तौर पर इस थ्योरी पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन दर्शकों की इस थ्योरी ने धुरंधर 2 की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।





