कोरोना की अर्थव्यवस्था पर गिरी गाज, ADB बोला- घटेगी विकास दर

नई दिल्ली। मंदी की मार झेल रहे भारत में कोरोना जैसी वैश्विक महामारी का बड़ा बुरा प्रभाव देखने को मिल सकता है। एशियन डेवलपमेंट आउटलुक 2020 के अनुसार देश में सकल घरेलू उत्पाद यानी जीडीपी की वृद्धि अगले वित्त वर्ष में 6.2 फीसदी तक मजबूत होने से पहले वित्त वर्ष 2021 में घटकर चार फीसदी रह सकती है। कोरोना वायरस के कारणा दुनियाभर की अर्थव्यवस्था को खासा झटका लगने वाला हैै।
बाजार में पिछले साल आई सुस्ती के बाद से ही भारत की विकास दर धीमी होती रही है ऐसे में कोरोना के कारण बाजार के ठप होने से आशंका जताई जा रही है कि इस बार भी जीडीपी में भारी गिरावट देखने को मिल सकती है। इस पर एडीबी के अध्यक्ष मसात्सुगु असाकावा ने कहा कि कई बार काफी चुनौतीपूर्ण समय का सामना करना पड़ता है। कोविड-19 से विश्वभर में लोगों की जिंदगियां प्रभावित हुई हैं और उद्योग एवं अन्य आर्थिक गतिविधियां बाधित हो रही हैं।
फिच सोल्यूशंस ने भी इस सप्ताह वित्त वर्ष 2020-21 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि के अनुमान को कम कर 4.6 फीसदी कर दिया था। कोरोना वायरस महामारी के चलते निजी खपत कमजोर पड़ने और निवेश में कमी को देखते हुए इंडिया रेटिंग्स ने भी आगामी वित्त वर्ष के लिए आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को कम कर 3.6 फीसदी कर दिया था। इसके अलावा मूडीज ने भी पिछले सपताह भारत की आर्थिक वृद्धि दर के अपने पहले के अनुमान को घटा कर 2.5 फीसदी कर दिया था। इसी तरह कई कंपनियों ने भी भारत की आर्थिक दर कम होने का अनुमान दर्ज किया है।

Back to top button