कृषक कल्याण वर्ष-2026 के शुभारंभ

मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को जम्बूरी मैदान, भोपाल में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया। इसमें गिर, साहीवाल और थारपारकर के साथ आंध्र प्रदेश की प्रसिद्ध पुंगनूर गाय लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गायों को अपने हाथ से रोटी खिलाई। राज्यमंत्री पशुपालन एवं डेयरी लखन पटेल के मार्गदर्शन में लगाई गई इस प्रदर्शनी में देश की प्रमुख दुधारू नस्लों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद किसानों और पशुपालकों को विभागीय अधिकारियों ने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए संतुलित पशु आहार, बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन और उन्नत नस्ल विकास की जानकारी दी।

विभाग द्वारा जम्बूरी मैदान में पांच से अधिक जानकारी परक स्टॉल लगाए गए, जहां केंद्र एवं राज्य सरकार की पशुपालन से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही गोबर से तैयार उत्पादों जैसे राम दरबार, महाकाल प्रतिमा, पंचगव्य आधारित सामग्री, पूजा सामग्री और सौंदर्य उत्पाद की प्रदर्शनी ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश की पहचान बने कड़कनाथ मुर्गा और बकरी की विभिन्न नस्लों का सजीव प्रदर्शन किया गया। वहीं सांची दुग्ध संघ द्वारा निर्मित दूध एवं दुग्ध उत्पादों की प्रदर्शनी भी कार्यक्रम का अहम हिस्सा रही। प्रदर्शनी में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की स्वावलंबी गोशाला नीति–2025 और आत्मनिर्भर गोशाला मॉडल को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से पशुपालकों को गोशालाओं को आय का स्थायी साधन बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button