किसानों की समस्याओं पर भारतीय किसान यूनियन ने घेरी पुलिस चौकी, प्रदर्शन

बहराइच। सदर तहसील क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक गुट के पदाधिकारियों ने चीनी मिल पुलिस चौकी का घेराव कर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सभी किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान ब्याज सहित करने की मांग कर रहे थे। साथ ही अन्य गंभीर मुद्दों पर भी प्रदर्शन हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन पुलिस अधिकारियों को सौंपा गया।

भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक गुट के तहसील अध्यक्ष राम गोपाल प्रजापति की अगुवाई में संगठन के पदाधिकारी और सदस्य सोमवार सुबह चिलवरिया चीनी मिल पुलिस चौकी के सामने एकत्रित हुए। सभी ने किसानों की समस्याओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। तहसील अध्यक्ष रामगोपाल ने कहा कि क्षेत्र के किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान करोड़ों रुपए बकाया है। लेकिन चीनी मिल प्रशासन चुप्पी साधे हुए है।

जिला प्रशासन भी समुचित कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान ब्याज समेत किया जाए। तहसील अध्यक्ष है किसानों को क्षेत्र में घूम रहे आवारा पशुओं से हो रही समस्या पर भी आवाज उठाई । साथ ही बिजली पानी और सड़क की समस्या पर भी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को सौंपा गया। पुलिस चौकी पर प्रदर्शन के चलते अफरा-तफरी की स्थिति रही।

Back to top button