कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थुप्टेन टेम्पा का हुआ निधन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थुप्टेन टेम्पा का शुक्रवार की शाम को निधन हो गया। उनका ईटानगर के रामकृष्ण मिशन अस्पताल में इलाज जारी था, वहीं उन्होंने आखिरी सांस ली है। राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। टेम्पा को पेट में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां लो बल्ड प्रेशर के कारण उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई।

नौकरशाह के रूप में शुरू किया काम-काज

सक्रिय राजनीति में आने से पहले टेम्पा ने नौकरशाह के रूप में काम किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय रिलेशन में एमए और जेएनयू, नई दिल्ली से कूटनीति में एम.फिल की पढ़ाई की थी। साल 2019 में उन्होंने भाजपा के त्सेरिंग ताशी के खिलाफ तवांग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था

निधन पर राजनेताओं ने व्यक्त किया शोक

राज्य के उपमुख्यमंत्री चोउना मीन ने टेम्पा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि, हमारे राज्य के एक वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री श्री थुप्टेन टेम्पा जी के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। हमारे राज्य के विकास में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। मेरी हार्दिक संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं, उनकी आत्मा को शांति मिले।

वहीं, टेम्पा के निधन पर सांसद तपीर गाओ ने ट्वीट किया कि, हमारे राज्य के एक बहुत वरिष्ठ नेता श्री थुपटेन टेम्पा जी के निधन के बारे में सुनकर वास्तव में बहुत दुख हुआ है। मैं प्रार्थना करता हूं कि भगवान बुद्ध इस समय शोक संतप्त परिवार को दुख से उबरने की शक्ति दें और मैं भी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बियूराम वाघगे ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, हमारे वेटरन नेता श्री थुप्टेन टेम्पा जी के आकस्मिक निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा लगा। दुख की इस घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।

Back to top button