कहीं आपका Hair Oil ही तो नहीं बन रहा बाल झड़ने की वजह? 

कई बार हम अपने हेयर टाइप को समझे बिना कोई भी तेल लगा लेते हैं, जिससे बालों का झड़ना रुकने के बजाय और बढ़ जाता है। जी हां, बाजार में मिलने वाली हर चमकदार बोतल आपके बालों के लिए सही नहीं होती। अगली बार हेयर ऑयल खरीदने से पहले इन 5 बातों की गांठ जरूर बांध लें।

मिनरल ऑयल से रहें दूर
सबसे पहले तेल की बोतल के पीछे लिखे इंग्रीडिएंट्स को पढ़ें। अगर उसमें सबसे ऊपर ‘Mineral Oil’ या ‘Liquid Paraffin’ लिखा है, तो उसे तुरंत शेल्फ पर वापस रख दें। यह पेट्रोलियम से बना सस्ता तेल होता है जो आपके स्कैल्प पर प्लास्टिक जैसी परत बना देता है। इससे बालों की जड़ें सांस नहीं ले पातीं और बाल टूटने लगते हैं। हमेशा नेचुरल ऑयल ही चुनें।

तेल की कंसिसटेंसी
हर तेल हर किसी के लिए नहीं होता। अगर आपके बाल बहुत पतले और हल्के हैं, तो नारियल तेल या अरंडी का तेल उन्हें बहुत भारी बना देगा, जिससे वे खिंचकर टूट सकते हैं। पतले बालों के लिए बादाम का तेल या आर्गन ऑयल जैसा ‘हल्का तेल’ चुनें। अगर बाल मोटे और रूखे हैं, तभी हैवी ऑयल का इस्तेमाल करें।

खुशबू के जाल में न फंसें
हम अक्सर ढक्कन खोलकर तेल की खुशबू सूंघते हैं और अगर खुशबू अच्छी लगी तो खरीद लेते हैं। याद रखें, बहुत तेज खुशबू का मतलब है कि उसमें ‘आर्टिफिशियल परफ्यूम’ और अल्कोहल मिलाया गया है। ये केमिकल आपके स्कैल्प में खुजली और एलर्जी पैदा कर सकते हैं, जिससे हेयर फॉल बढ़ सकता है। असली आयुर्वेदिक या शुद्ध तेलों की खुशबू बहुत भीनी और प्राकृतिक होती है।

डैंड्रफ है तो तेल से बनायें दूरी
यह सबसे बड़ी गलती है जो हम करते हैं। अगर आपके सिर में डैंड्रफ है, तो तेल लगाना ‘आग में घी’ डालने जैसा है। डैंड्रफ एक तरह के फंगस से होता है जो तेल खाकर और तेजी से बढ़ता है। अगर आपको डैंड्रफ है, तो पहले मेडिकेटेड शैम्पू से उसे ठीक करें, या फिर ‘नीम’ और ‘टी-ट्री ऑयल’ युक्त तेल का ही यूज करें।

‘कोल्ड प्रेस्ड’ ही है बेस्ट
बाजार में मिलने वाले सस्ते तेल मशीनों में बहुत ज्यादा हीट देकर निकाले जाते हैं, जिससे उनके पोषक तत्व खत्म हो जाते हैं। कोशिश करें कि हमेशा कच्ची घानी तेल ही खरीदें। यह थोड़ा महंगा जरूर होता है, लेकिन इसमें तेल के असली गुण और विटामिन बरकरार रहते हैं जो आपके बालों को सही पोषण देते हैं।

बालों की देखभाल जरूरी है, लेकिन अंधाधुंध तेल लगाना नहीं। अपने बालों की जरूरत को समझें और सही तेल का चुनाव करें। याद रखें, सही तेल बालों का रक्षक होता है, लेकिन गलत तेल उनका भक्षक भी बन सकता है।

Back to top button