कश्मीर के मैदानी इलाकों में इस हफ्ते हो सकती है बर्फबारी

कश्मीर घाटी में अधिकतर जगहों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और इस हफ्ते बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि मैदानी इलाकों में इस सर्दी की पहली बर्फबारी हो सकती है।
श्रीनगर में सोमवार रात का न्यूनतम तापमान माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस से नीचे है। केंद्रीय कश्मीर के गांदरबल जिले के पर्यटन स्थल सोनमर्ग में तापमान माइनस 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा।
दक्षिण कश्मीर के शोपियां और पुलवामा में माइनस 4.8 और माइनस 5.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। अमरनाथ यात्रा के बेस कैंपों में से एक पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछली रात के माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस से काफी कम है।
उत्तर कश्मीर के बडगाम जिले के लोकप्रिय स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में रात का तापमान माइनस 5.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में माइनस 2.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अन्य जगहों पर कोकरनाग माइनस 0.6 और कुपवाड़ा माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस पर ठहरी। मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर घाटी इस समय चिले कालां के दौर से गुजर रही है।





