कर्नलगंज पुलिस चौकी और पास की कोचिंग सेंटर में मानसिक दिव्यांग का उत्पात, एक घंटे तक लोग दहशत में

मंगलवार सुबह कर्नलगंज पुलिस चौकी और पास की कोचिंग सेंटर में एक घंटे तक लोग दहशत में रहे। यहां पहुंचे एक दिव्यांग युवक ने जमकर उत्पात मचाया, कोचिंग सेंटर में शिक्षक से मारपीट कर छात्र का लैपटॉप तोड़ दिया तो चौकी में फर्नीचर तोडऩे के साथ अभिलेख फाड़ दिए। इतना हीं नहीं विरोध पर एक सिपाही की भी पिटाई कर दी, काफी मशक्कत के बाद पुलिस उसे काबू कर सके।

फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला भोलेपुर निवासी बैंक प्रबंधक का साला मानसिक रूप से दिव्यांग है और उसका इलाज चल रहा है। मंगलवार की सुबह युवक घर से निकल आया और वह चौकी के पास एक कोचिंग सेंटर में पहुंच गया। उसने शिक्षक से मारपीट की और छात्र का लैपटॉप तोड़ दिया। कोचिंग सेंटर से निकलकर वह पास ही कर्नलगंज पुलिस चौकी में घुस गया और फर्नीचर उठाकर सड़क पर फेंक दिया।

अलमारी खोलकर अभिलेख फाड़ दिए और पकडऩे पहुंचे सिपाही को पीट दिया। बाहर आकर उसने कुछ राहगीरों के साथ भी हाथापाई की। जानकारी पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे एसएसआई देवेश कुमार गंगवार ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को काबू में किया। परिजन युवक को अपने साथ ले गए, तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

Back to top button