एयर स्ट्राइक के बाद यूपी में हाई अलर्ट जारी, DGP ने जिलों के कप्तानों को दिए ये निर्देश

भारतीय वायु सेना द्वारा पाकिस्तान पर की गई जवाबी कार्रवाई के बाद यूपी में हाई अलर्ट कर दिया गया है। डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने प्रदेश के सभी जिलों के पुलिस कप्तानों, आईजी और एडीजी को निर्देश दिए हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर कड़ी चौकसी बरतें।
उन्होंने कुंभ में लगे सुरक्षा बलों को अलर्ट रहने के साथ ही महत्वपूर्ण धार्मिक स्थानों और पर्यटन स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
इसमें प्रमुख प्रतिष्ठानों, प्रतिष्ठित स्थलों, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं। यह निर्देश खुफिया एजेंसियों की ओर से जारी अलर्ट के बाद दिए गए हैं। इससे पहले डीजीपी ने खुद सुबह 10:30 बजे राजधानी में आईबी के दफ्तर पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक की।
प्रदेश स्थित थल सेना और वायु सेना के ठिकानों समेत आगरा, बरेली, लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, मेरठ, वाराणसी और इलाहाबाद जैसे प्रमुख शहरों में खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।





