एक वर्षीय पुत्र के साथ छत पर सो रही सैनिक की पत्नी कमरे में सो रहे छह वर्षीय पुत्र को भी कोई दवा पिलाकर किया बेहोश

शहर के शिवपुरम में रविवार रात फौजी के घर घुसे बदमाश गृह स्वामिनी को पीटने के बाद दस लाख रुपये के जेवर व दो लाख रुपये नकद लूट ले गए। घटना के समय महिला अपने दो बच्चों के साथ घर में थी। बदमाशों ने फौजी के छह वर्षीय बेटे को भी कुछ पिलाकर बेहोश कर दिया।
शहर के पॉश इलाके में शुमार की जाने वाली जेएनवी रोड के मोहल्ले शिवपुरम निवासी सेना में नायक पद पर तैनात उमेश पाल की पत्नी मीना अपने छह वर्षीय पुत्र आर्यन और एक वर्षीय बेटे शुभ के साथ अकेली रहती हैं। उमेश पाल की तैनाती लखनऊ में है। रविवार की रात मीना बेटे शुभ के साथ छत पर सो रही थीं। उनका छह वर्षीय पुत्र आर्यन नीचे कमरे में सो रहा था। इसी दौरान रात में करीब एक बजे छह बदमाश सीढ़ी के जरिये छत पर पहुंचे और मीना को जमकर पीटा। इससे वह घायल होकर बेहोश हो गईं।
घर के अंदर घुसे बदमाशों को देख आर्यन चीखा तो उसके मुंह में कोई दवा डाल दी, जिससे वह भी बेहोश हो गया। बदमाश बक्से व अलमारी तोड़कर उसमें रखे करीब दस लाख रुपये के जेवर और दो लाख की नकदी लूट ले गए। सुबह पांच बजे के बाद जब मीना को होश आया तो उन्होंने पड़ोस में रहने वालेे अपने ससुर रामनरेश को जानकारी दी। उसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और घटना के संबंध में छानबीन शुरू की। मीना के मुताबिक करीब छह बदमाश घर में घुसे थे।





