इस सरकारी कंपनी ने किया शानदार प्रदर्शन, 30% तक बढ़ा मुनाफा; डिविडेंड भी मिलेगा

रक्षा क्षेत्र की सरकारी कंपनी, एचएएल (हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड) की तीसरी तिमाही का नतीजा जारी हो गया है। इस तिमाही में कंपनी ने काफी शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का पिछले साल की तीसरी तिमाही के मुकाबले इस तिमाही में प्रॉफिट 29.6 बढ़ा है।
कितना रहा मुनाफा?
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि इस तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा (नेट प्रॉफिट) 1,866.66 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1,439.79 करोड़ रुपए था।इस तिमाही में कंपनी की आय (रेवेन्यू) भी बढ़ी है। एचएएल की संचालन से आय 10.65 प्रतिशत बढ़कर 7,698.80 करोड़ रुपए हो गई, जो पिछले साल इसी तिमाही में 6,957.31 करोड़ रुपए थी।
इस दौरान कंपनी की कुल आय बढ़कर 8,612.60 करोड़ रुपए हो गई जो पिछले साल इसी तिमाही में 7,588.71 करोड़ रुपए थी।
कितने रुपये का मिलेगा डिविडेंड?
तिमाही नतीजों के साथ ही एचएएल के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पहला अंतरिम लाभांश (डिविडेंड) घोषित किया है। कंपनी ने प्रत्येक 5 रुपए फेस वैल्यू वाले शेयर पर 35 रुपए का डिविडेंड देने की घोषणा की है।
क्या है रिकॉर्ड डेट?
कंपनी ने 18 फरवरी को रिकॉर्ड डेट तय की है। इस तारीख तक जिन निवेशकों के पास कंपनी के शेयर होंगे, उन्हें यह डिविडेंड मिलेगा। इसके साथ ही डिविडेंड से जुड़ी राशि निवेशकों को 14 मार्च 2026 तक पात्र निवेशकों को मिल जाएगी।
कब मिला कितना डिविडेंड?
एचएएल पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से डिविडेंड देती आ रही है। 28 मार्च 2019 से अब तक कंपनी 14 बार डिविडेंड घोषित कर चुकी है।
पिछले एक साल में कंपनी ने कुल 40 रुपए प्रति शेयर का डिविडेंड दिया है, जिससे डिविडेंड यील्ड 0.98 प्रतिशत रही है। इससे पहले कंपनी ने 15 रुपए प्रति शेयर का डिविडेंड घोषित किया था, जिसकी रिकॉर्ड डेट 21 अगस्त 2025 थी। तो वहीं इससे पहले कंपनी ने अपने निवेशकों को 25 रुपए का डिविडेंड दिया था, जिसके लिए रिकॉर्ड डेट 18 फरवरी 2025 थी।





