इंग्लैंड दौरे पर धमाल मचाने वाले क्रिकेटर आकाशदीप का रोहतास में स्वागत

बिहार: इंग्लैंड में शानदार प्रदर्शन के बाद आकाशदीप सोमवार को अपने गृह जिले लौटे। सासाराम में खुरमाबाद से लेकर शहर तक जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया गया। फूल-मालाओं से सजे काफिले में दर्जनों गाड़ियां शामिल थीं।

इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने वाले अंतरराष्ट्रीय तेज़ गेंदबाज आकाशदीप का सोमवार को उनके गृह ज़िला रोहतास में ज़ोरदार स्वागत हुआ। आकाशदीप ने हाल ही में संपन्न इंग्लैंड दौरे पर न केवल गेंद से कमाल दिखाया, बल्कि बल्लेबाजी में भी सबको चौंका दिया। उन्होंने एक टेस्ट मैच में 10 विकेट झटके और मुश्किल हालात में नाइटवॉचमैन के रूप में बल्लेबाज़ी करते हुए यशस्वी जायसवाल के साथ शतकीय साझेदारी निभाई। इस पारी में लगाए गए अर्धशतक के साथ वे उन चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए, जिन्होंने एक ही टेस्ट में 10 विकेट और अर्धशतक दोनों दर्ज किए हैं।

सासाराम में जगह-जगह स्वागत, काफिले में दर्जनों वाहन
इंग्लैंड में शानदार प्रदर्शन के बाद आकाशदीप सोमवार को अपने गृह जिले लौटे। सासाराम में खुरमाबाद से लेकर शहर तक जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया गया। फूल-मालाओं से सजे काफिले में दर्जनों गाड़ियां शामिल थीं, जिसके कारण पुरानी जीटी रोड पर करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। आकाशदीप की उपलब्धि पर उनके पैतृक गांव बड्डी समेत पूरे जिले में जश्न का माहौल है।

स्वतंत्रता सेनानी के वंशज हैं आकाशदीप
आकाशदीप स्वतंत्रता सेनानी और वीर कुंवर सिंह के सहयोगी रहे बाबू निशान सिंह के वंशज हैं। 1857 के विद्रोह के बाद अंग्रेजों ने 7 जून 1858 को सासाराम के गौरक्षणी में बाबू निशान सिंह को तोप के मुँह पर बाँधकर शहीद कर दिया था। अब, उनके परपोते ने अंग्रेज़ों की धरती पर इंग्लैंड को मात देकर इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।

Back to top button