आप पानी तो खूब पीते हैं, लेकिन क्या शरीर को इसका फायदा मिल भी रहा है?

ज्यादातर लोगों को लगता है कि सिर्फ ज्यादा पानी पीने से शरीर पूरी तरह हाइड्रेटेड रहता है, लेकिन एक्सपर्ट का कहना है कि हाइड्रेशन का मतलब सिर्फ पानी की मात्रा बढ़ाने से नहीं है, बल्कि इस बात से है कि हमारा शरीर उस पानी को कितनी अच्छी तरह सोखता है और उसका इस्तेमाल करता है।
आइए, मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, वैशाली के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के सीनियर डायरेक्टर डॉ. सुभाशीष मजूमदार से जानते हैं कि हम पानी पीते समय क्या गलतियां करते हैं और शरीर को सही मायनों में हाइड्रेटेड रखने का तरीका क्या है।
एक साथ बहुत सारा पानी पीना
पानी पीना सेहत के लिए बहुत अच्छा है, लेकिन एक ही बार में गट-गट करके बहुत सारा पानी पीना सही तरीका नहीं है। हमारा शरीर एक बार में सिर्फ एक सीमित मात्रा में ही पानी का इस्तेमाल कर सकता है। अगर आप जरूरत से ज्यादा पानी एक साथ पी लेते हैं, तो वह बहुत जल्दी शरीर से बाहर निकल जाता है और उसका कोई खास फायदा नहीं मिल पाता।
सिर्फ पानी काफी नहीं, मिनरल्स भी हैं जरूरी
शरीर के लिए सिर्फ सादा पानी ही काफी नहीं होता। हमारी कोशिकाओं के अंदर पानी की सही मात्रा बनाए रखने के लिए सोडियम और पोटैशियम जैसे मिनरल्स की भी जरूरत होती है। अगर आप सिर्फ पानी पीते हैं और ऐसे खाद्य पदार्थ नहीं खाते जिनमें मिनरल्स हों, तो आपके शरीर की पानी रोकने की क्षमता कम हो जाएगी।
कॉफी और शराब से बढ़ता है डिहाइड्रेशन
बहुत ज्यादा कॉफी या शराब पीना भी हाइड्रेशन के लिए नुकसानदायक है। ये ड्रिंक्स शरीर से पानी को बाहर निकालने का काम करते हैं (जैसे पानी की गोलियां या वॉटर पिल्स करती हैं)। कई लोगों को लगता है कि कॉफी या सोडा पीने से शरीर को तरल पदार्थ मिल रहा है, लेकिन असल में ये शरीर में पानी को रोक कर रखने में बिल्कुल मदद नहीं करते।
खान-पान का पानी के संतुलन पर असर
आप क्या खाते हैं, इसका सीधा असर आपके हाइड्रेशन पर पड़ता है। अगर आप अपने आहार में फल और सब्जियां शामिल नहीं करते हैं, जिनमें प्राकृतिक रूप से पानी और मिनरल्स होते हैं, तो आपके शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इसके अलावा, बहुत ज्यादा नमक या प्रोसेस्ड फूड से भी शरीर में पानी का संतुलन बुरी तरह बिगड़ सकता है।
प्यास लगने का असली मतलब क्या है?
डॉक्टर के अनुसार, अगर आपको प्यास लग रही है, तो इसका मतलब है कि आपका शरीर पहले से ही थोड़ा डिहाइड्रेट हो चुका है। अगर आपको थकान महसूस होती है, सिरदर्द रहता है और किसी काम पर ध्यान लगाने में परेशानी होती है, तो यह आमतौर पर पर्याप्त पानी न पीने का ही नतीजा होता है।
सही तरीका क्या है?
पानी पीना आपकी नियमित दिनचर्या का हिस्सा होना चाहिए, लेकिन इसके साथ ही आपका खान-पान भी अच्छा होना चाहिए। आप कब और कैसे पानी पीते हैं, इससे यह तय होता है कि आपके शरीर को उसका कितना फायदा मिलेगा। शरीर को सही मायनों में हाइड्रेटेड रखने के लिए नियमित रूप से और सही तरीके से पानी पीते रहना ही सबसे जरूरी है।





