आखिरी दौर में पहुंची अमरनाथ यात्रा, ढ़ाई लाख तक पहुंचा श्रद्धालुओं का आंकड़ा

पहलगाम और बालटाल ट्रैक से वीरवार को अमरनाथ यात्रा के 29वें दिन 1,603 यात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। इसके साथ दर्शनार्थी यात्रियों का आंकड़ा 2,49,755 तक पहुंच गया है। इसके साथ ही यात्रा आखिरी पड़ाव की ओर है।

आधार शिविर भगवती नगर जम्मू से कड़ी सुरक्षा के बीच 599 यात्रियों का जत्था दोनों ट्रैक की यात्रा के लिए रवाना हुआ। इसमें 19 छोटे बड़े वाहनों में 369 पुरुष, 133 महिलाएं और 97 साधु शामिल रहे। रेलवे स्टेशन जम्मू के पास स्थित दो केंद्रों पर मात्र 261 यात्रियों ने तत्काल पंजीकरण करवाया।
वैष्णवी धाम केंद्र पर पहलगाम के लिए 87 और बालटाल के लिए 67 के साथ कुल 154 यात्रियों ने पंजीकरण करवाया। सरस्वती धाम केंद्र पर पहलगाम के लिए 63 और बालटाल के लिए 44 के साथ कुल 107 यात्रियों ने तत्काल पंजीकरण करवाया। इस बीच महंत दीपेंद्र गिरि के नेतृत्व में साधु-संतों नेे नाग पंचमी (श्रावण शुक्ल पक्ष पंचमी) पर दशनामी अखाड़ा श्रीनगर में छड़ी पूजन किया। बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए छड़ी मुबारक आगामी दो अगस्त को पवित्र गुफा के लिए प्रस्थान करेगी।





