आंध्र प्रदेश : विजयवाड़ा के कोविड सेंटर में लगी भीषण आग, सात लोगों की मौत, सीएम ने दिए जांच के आदेश

विजयवाड़ा। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा शहर में कोविड सेंटर के रूप में प्रयोग किए जा रहे एक होटल में भीषण आग लग गई है। इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल भी हुए हैं। 30 लोगों को सेंटर से बाहर निकाल लिया गया है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने आग पर काबू पा लिया है। मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। सूबे के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने दुर्घटना की जांच करने का आदेश दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक़ विजयवाड़ा में बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामले को देखते हुए शहर स्थित स्वर्णा पैलेस होटल को कोविड-19 सेंटर के रूप में बदल दिया गया था। इस होटल में 22 मरीजों का इलाज चल रहा था। रविवार सुबह करीब 5 बजे अचानक होटल में आग लग गई। आग लगने के समय होटल में मरीजों और कर्मचारियों को मिलाकर लगभग 50 लोग मौजूद थे।
आग लगते ही विकराल हो गई, जिससे कई लोग बुरी तरह झुलस गए। अचनाक आग लगने की वजह से कई लोग डरकर ऊपर से ही कूद गए। इस घटना में सात लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो गई है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है। जांच के बाद ही आग लगने के असली कारणों का पता चल सकेगा।
विजयवाड़ा में आग लगने की घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से दुर्घटना के कारणों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को बचाव के उपाय करने और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना की जांच करने के भी निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले गुरुवार को गुजरात के अहमदाबाद में एक कोविड-19 अस्पताल के आईसीयू में आग लग गई थी, जिसमें आठ कोरोना मरीजों की मौत हो गई थी।





