अब डिम्पल का गढ़ सेंधने की तैयारी कर रही है भाजपा, यहां हुई गुपचुप बैठक

सपा सांसद डिंपल यादव के गढ़ को भेदने के लिए भाजपा कन्नौज निकाय चुनाव की रणनीति कानपुर में चुपके से बना रही है। रविवार को यहां विजय इंटरनेशनल होटल में हुई पार्टी पदाधिकारियों की बैठक वहां की तीन नगर पालिकाओं और तीन नगर पंचायतों के लिए सही उम्मीदवार के चयन पर चर्चा हुई।

पार्टी की प्रदेश इकाई ने निकाय चुनाव में सही प्रत्याशी का चयन करने के लिए प्रमुख पदाधिकारियों की एक कमेटी तय की है। इस कमेटी को यह जिम्मेदारी मिली है कि पालिका अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर सही उम्मीदवार के चयन करे।
इसके लिए कई दौर की बैठक तय की गई है। इसी के तहत प्रदेश इकाई ने कानपुर, इटावा, कन्नौज जैसै जनपदों में भाजपा को पहले से ज्यादा मजबूत बनाने का निर्देश दिया गया है। इसी के तहत कमेटी प्रत्याशियों का चयन बिना किसी हंगामे के सोच विचारकर करना चाहती है।
रविवार दोपहर में कन्नौज भाजपा इकाई के निकाय चुनाव प्रभारी डा. दिवाकर शर्मा, जिला प्रभारी दिनेश राय, जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत के अलावा प्रदेश सरकार की मंत्री और क्षेत्रीय (छिबरामऊ) विधायक अर्चना पाण्डेय के बीच करीब दो घंटे तक विचार विमर्श चला।
इस बीच पदाधिकारियों की गुपचुप बैठक का पता करते हुए स्थानीय दावेदार यहां आ धमके। पता चला है कि कन्नौज तीनों नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के लिए 30 से अधिक आवेदन आ चुके हैं। पदाधिकारियों की तरफ से संकेत दिए गए हैं 23 को भी आवेदन लिए जाएंगे।





