अफगानिस्तान के उपराष्ट्रपति पर हमला, बाल-बाल बचे अमरुल्लाह सालेह

अंतर्राष्ट्रीय डेस्क। अफगानिस्तान में बुधवार तड़के उपराष्ट्रपति अमरुल्लाह सालेह के काफिले को लक्ष्य कर हमला किया गया। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि उपराष्ट्रपति सालेह सुरक्षित हैं। सालेह के मीडिया कार्यालय ने हमले की पुष्टि की है।
सालेह के मीडिया कार्यालय के अध्यक्ष रजवान मुराद ने कहा कि सालेह को नुकसान नहीं हुआ है। आतंकवादी हमला असफल हुआ है और सालेह ठीक और सुरक्षित हैं। आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता तारेक आरिआन ने कहा है कि आंतरिक रिपोर्ट से पता लगा है कि इस धमाके में दो लागों की मौत हो गई है जबकि अन्य 12 लोग घायल भी हुए हैं।
सालेह के एक सहयोगी ने बताया कि सालेह जैसे ही घर से बाहर कार्यालय की ओर निकले उसी समय सालेह के काफिले को एक आत्मघाती हमलावर ने लक्ष्य कर हमला कर दिया। एक दुकानदार ने बताया कि धमाका बहुत तेज था, जिससे एक सिलेंडर की दुकान में भी आग लग गई ।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पिछले साल राष्ट्रपति चुनावाें से पहले सालेह पर हमला हुआ था। बंदूकधारियों और आत्मघाती हमलावर ने सालेह के काबुल स्थित कार्यालय पर हमला कर दिया था। इस हमले में 20 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें ज्यादातर आम नागरिक थे। साथ ही 50 लोग घायल भी हुए थे।
The post अफगानिस्तान के उपराष्ट्रपति पर हमला, बाल-बाल बचे अमरुल्लाह सालेह appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.





