अन्नपूर्णा मंदिर में ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से तीन महिलाओं की मौत, 25 लोग घायल

अन्नपूर्णा मंदिर में बच्चे का मुंडन कराने के बाद परिजन व रिश्तेदारों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली गदनपुर के पास चालक की लापरवाही से पलट गई। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई और 25 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, हालत नाजुक होने पर 12 को कानपुर रेफर कर दिया गया है।

तालग्राम थाना क्षेत्र के नेपालपुर पहलपूर्वा गांव निवासी सत्य प्रकाश अपने पांच वर्षीय बेटे मनीष का मुंडन कराने के लिए अन्नपूर्णा मंदिर करीब चालीस लोगों के साथ ट्रैक्टर ट्राली से आए थे। शुक्रवार देर शाम सभी ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार होकर घर लौट रहे थे। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के गदनापुर गांव के पास चालक नीरज की लापरवाही से ट्राली समेत ट्रैक्टर पलट गया। ट्राली के नीचे दबने से महिलाओं और बच्चों की चीख पुकार मच गई। हादसे में जसवंत की 40 वर्षीय पत्नी पप्पी, अखिलेश की 30 वर्षीय पत्नी सुमन और आत्माराम की 50 वर्षीय पत्नी गुड्डी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए।

ग्रामीणों की मदद से रात में पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। 12 घायलों की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया है। शनिवार सुबह मेडिकल कॉलेज में जिलाधिकारी रवींद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने पहुंचकर घायलों से बातचीत की। मुआवजा देने को लेकर लेखपाल ने घायलों के बयान दर्ज किए और रिपोर्ट बनाकर छिबरामऊ तहसील प्रशासन को भेज दी।

Back to top button