कर्नाटक में पूर्ण बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकार: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भरोसा है कि कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या में नेपाल के जनकपुर से आई बस की अगवानी करने के बाद दोपहर में अपने कर्म क्षेत्र गोरखपुर पहुंचे।

गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री गुरु गोरखनाथ व ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की पूजा-अर्चना की। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बात की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। कांग्रेस की सरकार में लोग पीडि़त रहे हैं। उसी राज्य में किसानों ने सर्वाधिक आत्महत्या की है। कांग्रेस की सरकार ने सत्ता के दुरुपयोग की बहुत कोशिश की है, वहां पर उनके मंत्रियों ने पैसे बांटे लेकिन वहां की जनता मन बना चुकी है और आज हो रहे मतदान में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि वहां सरकार के साथ प्रशासन के लोगों ने जमकर भ्रष्टाचार किया। अब तो जनता त्रस्त आ चुकी है। 

जनकपुरी-अयोध्या बस यात्रा पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार नेपाल की यात्रा की है। दोनों देशों के बीच रोटी-बेटी का सम्बंध है। इस यात्रा से दोनों देशों के बीच का अति प्राचीन सम्बन्ध और मजबूत होगा। दो शरीर व एक आत्मा वाला सम्बन्ध भारत व नेपाल के बीच है। हजारों वर्षों को विरासत समेटे सीता माता के मायके जनकधाम से आये नेपाल के यात्रियों व जनप्रतिनिधियों का स्वागत करके अत्यंत हर्ष की अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा कि जनकपुर-अयोध्या बस यात्रा से भारत व नेपाल के बीच संबंध और मजबूत होंगे। नेपाल के जनकपुर धाम से अयोध्या धाम व काठमांडू से काशी के बीच बस यात्रा से भारत व नेपाल के सम्बंध अब हम एक नए युग की ओर बढ़ेंगे।

मारे गए पार्षद के घर पहुंचे डिप्टी CM केशव मौर्य, हुए भावुक

बस यात्रा को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ट्वीट के जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में जितने भी विकास के कार्य हुए हैं, भाजपा सरकार ने ही किए हैं। सिर्फ भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने ही अयोध्या में विकास का काम किया है। भाजपा सिर्फ विकास में भरोसा रखती है। दीपोत्सव के माध्यम से अयोध्या को नई पहचान दिलाना, 24 घण्टे बिजली देने का कार्य, घाटों के सुंदरीकरण का काम किया जा रहा है। 135 करोड़ की लागत से विकास कार्य हो रहे हैं। नेपाल से आये लोगों के आज राम मंदिर बनने की इच्छा जताने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह जनभावना से जुड़ी बात है, इसका सम्मान होना चाहिए। 

 
Back to top button