ऐसा क्या हुआ जो प्रेम विवाह करने के, तीसरे दिन ही कर दी हत्‍या

भागलपुर। बिहार के भागलपुर में बूढ़ानाथ के हरि साह के मकान में किराए पर रहने वाले राजा शर्मा ने दो दिन पहले मंदिर में लवली कुमारी (18) से प्रेम विवाह किया और तीसरे ही दिन उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतका के पति राजा शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पिता सोनू शर्मा और मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।ऐसा क्या हुआ जो प्रेम विवाह करने के, तीसरे दिन ही कर दी हत्‍या

पुलिस अवैध संबंध के शक में हत्या की आशंका जता रही है। वहीं, राजा और उसका परिवार खुदकशी करने की बात कह रहा है। नवविवाहिता मोजाहिदपुर के मारूफचक की रहने वाली थी। वह दो बहन और एक भाई है। पिता की मृत्यु तीन साल पहले हो गई थी। इधर, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजन को सौंप दिया है।

गला पर फंदा लगाने के निशान

पुलिस ने जब राजा का कमरा खोला तो लवली की लाश पड़ी हुई थी। उसके कान और मुंह से खून निकल रहा था। गला पर फंदा लगाने और हाथ पर ब्लेड से गोदे जाने के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। हालांकि राजा और उसके परिजन ने कहा कि लवली ने खिड़की में दुपट्टा बांध फंदा लगा लिया था। मगर पुलिस इसे हत्या मान कर अनुसंधान कर रही है।

करती थी कई लड़कों से बात

राजा ने कहा कि शादी से पहले लवली कई लड़कों से बातचीत करती थी। अपने मुंहबोले जीजा और बहन के साथ अक्सर इधर-उधर जाती थी। शादी के बाद उसने ऐसा नहीं करने की बात कही थी। लेकिन फिर भी उसके मोबाइल पर अक्सर फोन आते रहते थे। आजिज हो राजा ने दो दिन पूर्व उसका फोन तोड़ दिया था। मारपीट भी की थी।

लवली भी पति पर करती थी शक

राजा ने बताया कि उसकी पत्नी भी उसपर शक करती थी। तीन-चार दिन पूर्व मोहल्ले की एक लड़की को टोकते लवली ने देख लिया था। जिससे वह काफी गुस्से में थी। एक-दूसरे पर शक के कारण अक्सर दोनों में झगड़ा होने लगा था।

दो साल से थे संबंध, गर्भवती थी लवली

लवली और राजा के बीच पिछले दो साल से बातचीत हो रही थी। इस दौरान दोनों के बीच संबंध भी बन गए थे। राजा के मुताबिक लवली गर्भवती थी। पांच दिन पहले ही वह उसके पास भाग कर आई थी। दो दिन पूर्व मंदिर में शादी करने के बाद वह लवली को अपने घर ले आया। अगले हफ्ते वह उसे पुणे लेकर जाने वाला था। वह वहीं एक होटल में बावर्ची था।

मां ने कहा- मंगलवार को 12.00 बजे हुई थी अंतिम बातचीत

लवली की मां के मुताबिक उसकी बेटी पांच दिन पहले ही घर से दो दिन में वापस लौटने की बात कहकर निकली थी। मंगलवार को दोपहर 12.00 बजे बेटी से अंतिम बातचीत हुई थी। उसने कहा था कि बुधवार को वह लौट आएगी। बुधवार को वह तो नहीं उसकी मौत की खबर आई। उन्होंने लड़के और उसके परिजन पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस राजा और उसके परिवार वालों से पूछताछ कर रही है। वे लोग बार बार अपना बयान बदल रहे हैं। 

Back to top button