Weather: पश्चिमी विक्षोभ के कारण कल से फिर राहत के आसार…..

दो दिन की राहत के बाद शुक्रवार को मौसम फिर तल्ख हो गया। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार 16 जून से फिर राहत मिल सकती है। शनिवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में बदली और बारिश की उम्मीद है। वहीं, बुधवार-गुरुवार को बादलों ने जो राहत दी थी वह गायब हो गई। आसमान से शुक्रवार को आग बरसी और गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को खूब परेशान किया। नतीजतन, महज 24 घंटों में राजधानी का अधिकतम तापमान सात डिग्री उछलकर 43.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बांदा में फिर 45 के पार

केवल राजधानी ही नहीं, प्रदेश के कई इलाके भीषण गर्मी से जूझते रहे। बांदा में तापमान फिर 45 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं, प्रयागराज और सुलतानपुर में भी तापमान सामान्य के मुकाबले पांच डिग्री अधिक 44.7 व 44.2 डिग्री रिकार्ड हुआ। आगरा में भी तापमान 44 और वाराणसी, कानपुर, हमीरपुर में 43 डिग्री से अधिक रिकार्ड किया गया।

कुछ जिलों में धूल भरी आंधी संभव

शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवा चलने के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है। हालांकि, राजधानी में मौसम मुख्यत: साफ रहेगा। विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते 16 जून से राजधानी समेत प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव हो सकता है। बादलों की आवाजाही के साथ कुछ स्थानों पर बारिश की उम्मीद है। राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43.1 और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री दर्ज हुआ। इससे पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वायुमंडल में आद्र्रता 60 फीसद रिकॉर्ड की गई।

Back to top button