UP के CM योगी ने हरियाणा में किया चुनाव प्रचार, कहा-J&K की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाला दूसरे लोक जाएगा

Haryana Assembly Election 2019 में भाजपा प्रत्याशियों के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को हरियाणा में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। जनसभाओं में उन्‍होंने कांग्रेस पर जमकर हमला ब‍ोला। योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को भारत माता की जय बोलने में शर्म आती है। ये लोग देश का गौरव बढ़ाने पर उसका मजाक उड़ाते हैं। उन्‍होंने जम्मू कश्मीर के मामले पर सीधी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में रहने वालों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाला दूसरे लोक में जाएगा।

कहा, कांग्रेस के नेताओं को आती है भारत माता की जय बोलने में शर्म

योगी आदित्‍यनाथ ने पहले पंचकूला के कालका और बाद में अंबाला जिले के नारायणगढ़ में जनसभाओं को संबोधित किया। कालका की चुनावी जनसभा में योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि जब देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह फ्रांस में राफेल की पूजा कर रहे थे, तो कांग्रेस के लोग उनका मजाक बना रहे थे। जब देश का गौरव बढ रहा हो, तो ये लोग ऐसे व्‍यक्ति का मजाक बनाते हैं। कांग्रेस को अच्छा नहीं लगता जब देश का गौरव बढ़े।

योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रत्याशी लतिका शर्मा और पंचकूला से भाजपा के प्रत्याशी ज्ञान चंद गुप्ता के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जम्मू कश्‍मीर से अनुच्‍छेद 370 को समाप्त करने पर कांग्रेस बोलती थी कि देश में खून की नदियां बह जाएंगी, लेकिन एक पटाखा तक नहीं फूटा।

योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के नेता हर अच्‍छे और देशहित के कार्य का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अनुच्‍छेद 370 का विरोध किया। जब महिलाओं के सम्मान के लिए तीन तलाक को समाप्त किया गया, उस समय भी कांग्रेस इसका विरोध कर रही थी। इसलिए कांग्रेस को देश के लोगों से कोई लेना-देना नहीं है, उसे तो केवल बस राजनीति करनी है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2जी के बाद दामाद जी ने बड़े-बड़े घोटाले किए। हरियाणा के गुड़गांव से लेकर पंचकूला तक जमीन घोटाले पूरे देश में चर्चा बने हुए हैं। दामाद जी ने कोई जमीन नहीं छोड़ी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, कांग्रेस ने पहले देश को बेचा। जब देश की सत्ता उसके हाथ से चली गई, तो इसके नेताओं ने अपनी पार्टी के टिकट बेचने शुरू कर दिए। पार्टी के नेता ही लगातार आरोप लगा रहे हैं कि कांग्रेस के नेताओं द्वारा टिकट बेचे गए हैं। इसलिए जिस पार्टी का स्वयं तय कोई भविष्य नहीं है, वह दूसरों के बारे में क्या सोचेगी। योगी आदित्यनाथ ने लोगों से ज्ञान चंद गुप्ता और लतिका शर्मा के पक्ष में मतदान की अपील की।

जम्‍मू-कश्‍मीर मामले पर देश विरोधियों को कड़ी चेतावनी दी

योगी आदित्‍यनाथ ने में नारायणगढ़ सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र राणा के में रैली को संबोधित किया। अंबाला में योगी आदित्यनाथ ने जम्मू कश्मीर के मामले में कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में रहने वालों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाला व्‍यक्ति दूसरे लोक में जाएगा। उन्‍होंने जम्‍मू-कश्‍मीर में अनुच्छेद 370 को लागू करने को कांग्रेस की ऐतिहासिक भूल बताया। उन्‍होंने कहा कि डा. आंबेडकर और डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इसका विरोध किया था। अनुच्छेद 370 ने ही जम्मू कश्मीर का विकास रोके रखा। अब भाजपा सरकार ने इसे हटाकर यह क्षेत्र भारत से जोड़ा है और वहां विकास के द्वार खुलेंगे।

मोदी और शाह ने आतंकवाद की पीठ में आखिरी कील ठोक दी

आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी व शाह ने आंतकवाद की पीठ पर यह आखरी कील ठोक दी है। अब कोई जम्मू-कश्मीर वासियों की सुरक्षा के खिलवाड़ नहीं कर पाएगा और जो ऐसी कोशिश भी करेगा वह दूसरे लोक में भी जाएगा। भाजपा सरकार के राज में आंतकवादियों का सफाया हो रहा है।  कांग्रेस सरकार में पाकिस्तान हमेशा भारत को धमकी देता था। उसी पाक के प्रधानमंत्री आज दुनिया में गिड़गिड़र रहे है कि भारत उन पर हमला कर देगा। जो काम भाजपा ने किया वह कांग्रेस भी कर सकती थी, मगर उनको एक भारत श्रेष्ठ भारत अच्छा नहीं लगता था।

कांग्रेस को बताया बिना पायलट का विमान

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब बिना पायलट का विमान है। कांग्रेस पर हमला करते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस को सत्ता में आने का जब भी मौका लगा, उसने घोटाला ही किया। कांग्रेस राज में हरियाणा में दामाद जी का घोटाला हुआ। दामाद जी ने गुरुग्राम, पंचकूला आदि में जमीनें पर कब्जे किए और विकास में बाधा बने।

उन्‍होंने कहा कि पिछली सरकारों में हरियाणा में नौकरियों में परिवारवाद जातिवाद हावी था बिना पैसे से कोई कार्य नहीं होता था। आज हरियाणा में भाजपा की मनोहर सरकार ने 72 हजार नौकरी बिना पैसे बिना सिफारिश के दी। किसानों को पेंशन, किसानों का कर्ज माफ, किसान की आमदनी बढाना।मनोहर सरकार ने बहुत से काम किए।दूसरी ओर कांग्रेस के तो डीएनए में ही भ्रष्टाचार है और वह इससे अलग नहीं कर सकते।

देश व समाज के लिए महापुरुषों ने एक हाथ में शस्त्र तो दूसरे में शास्त्र उठाए

योगी ने कहा कि अभी विजयदशमी का त्यौहार था और ऐसे उत्सव के माहौल में शस्त्र पूजन होता है। देवी देवताओं, सिक्ख गुरूओं, महापुरुषों, महाराणा प्रताप जैसे शूरवीरों ने एक हाथ शस्त्र एक में शास्त्र लेकर काम किया। अगर देश सुरक्षित नहीं सब चौपट है। शस्त्र पूजा के चलते रक्षामंत्री ने राफेल की पूजा की तो कांग्रेसी हंस रहे हैं। कांग्रेस चाहती है किजम्मू कश्मीर में घुसपैठ हो। तुष्टिकरण किसी का नहीं। भाजपा ने विकास के कार्यों, योजनाओ में किसी की जाति धर्म नहीं देखा।

Back to top button