संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में सीएमएस छात्रों के योग प्रदर्शन को मिली भरपूर सराहना

पैनल डिस्कशन में सीएमएस छात्रों ने भारतीय संस्कृति एवं योग पर छोड़ी छाप

लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल के 64-सदस्यीय छात्र दल द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के अवसर पर न्यूयार्क स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में योग प्रदर्शन को विश्व समुदाय में भरपूर सराहना मिल रही है तथापि सी.एम.एस. छात्रों के योग प्रदर्शन के अवसर पर वहाँ उपस्थित विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने सी.एम.एस. छात्रों की भरपूर प्रशंसा की और उनका हौसला बढ़ाया। मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ में सी.एम.एस. छात्रों को सर्वप्रथम योग प्रदर्शन का अवसर दिया गया, जिन्होंने ‘योगा डान्स’ के माध्यम से योग की विभिन्न मुद्राओं व आसनों का प्रदर्शन किया। इसके अलावा, संयुक्त राष्ट्र संघ में पहली बार योग पर आधारित ‘पैनल डिस्कशन’ का आयोजन किया गया। इस पैनल डिस्कशन में संयुक्त राष्ट्र संघ में इण्डियन परमानेन्ट मिशन के वक्ताओं, योग विशेषज्ञों व अन्य गणमान्य सदस्यों के साथ ही सी.एम.एस. छात्रों ने प्रतिभाग किया और खुलकर अपने विचार व्यक्त किये। इस पैनल डिस्कशन में विश्व के युवाओं और छात्रों के दिन-प्रतिदिन के जीवन और बेहतर कैरियर एवं उज्जवल भविष्य की संभावनाओं में योग और ध्यान की भूमिका पर महत्वपूर्ण परिचर्चा सम्पन्न हुई। विदित हो कि सी.एम.एस. का 64 सदस्यीय छात्र दल संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में योग प्रदर्शन कर एवं देश की साँस्कृतिक विरासत को सारे विश्व में प्रचारित-प्रवाहित कर स्वदेश लौट आया है।

Back to top button