UK में आई आंधी और बारिश से 7,934 गांवों की विद्युत आपूर्ति को लगा बड़ा झटका…

प्रदेश में आई आंधी और बारिश से राजधानी देहरादून समेत आठ जनपदों में तकरीबन 7,934 गांवों/तोक में विद्युत आपूर्ति को झटका लगा। हालांकि आपूर्ति सुचारू कर दी गई, मगर ऊर्जा निगम को भी छह करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की रिपोर्ट शासन को सौंप दी गई है।

प्रदेश में जुलाई के दूसरे हफ्ते से सितंबर के पहले हफ्ते तक आंधी, ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश ने पर्वतीय समेत मैदानी जिलों में तबाही मचाई। इस आपदा में चमोली, पौड़ी, उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, ऊधमसिंहनगर, पिथौरागढ़ और नैनीताल की आठ डिविजनों में नुकसान हुआ। इस आपदा से 33 केवी की कुल 16.4 किमी, 11 केवी की 131.36 किमी और एलटी की 108.93 किमी लाइन का नुकसान हुआ। 1945 पोल और 85 ट्रांसफार्मर खराब हुए। वहीं 7,934 गांवों एवं तोक में आपूर्ति बाधित हुई। इससे ऊर्जा निगम को कुल 6.03 करोड़ का नुकसान हुआ। ऊर्जा निगम ने ध्वस्त योजनाओं की फौरी मरम्मत कर आपूर्ति सुचारू कर दी है। आपदा से हुए नुकसान की रिपोर्ट शासन को सौंप दी है।

पावर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक बीसीके मिश्र ने बताया कि दैवीय आपदा में आठ जनपद में 11 डिविजन में छह करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति सुचारू कर दी गई है, नुकसान की रिपोर्ट केंद्र को भेजी गई है।

Back to top button