इस दिन से महंगा होने जा रहा है दिल्ली से उत्तराखंड तक का सफ़र

देहरादून: कांवड़ यात्रा के चलते दून-मेरठ-दिल्ली हाइवे पर कांवड़ियों की भीड़ के मद्देनजर उत्तराखंड रोडवेज बसों का रूट 28 जुलाई से बदल जाएगा। दिल्ली जाने वाली बसें 28 जुलाई से वाया पांवटा साहिब व करनाल रूट से दिल्ली आएंगी-जाएंगी। इस कारण दून से दिल्ली की दूरी 63 किमी बढ़ जाएगी। ऐसे में परिवहन निगम ने बसों का किराया भी बढ़ाने की तैयारी कर ली है। वॉल्वो का किराया करीब 75 रुपये, एसी बस का 65, हाईटेक का 55 और साधारण बस का 45 रुपये बढ़ाया जाएगा। इस दिन से महंगा होने जा रहा है दिल्ली से उत्तराखंड तक का सफ़र

कांवड़ यात्रा के मद्देनजर हर साल दून से दिल्ली जाने वाली बसों का रूट बदला जाता है। पहले बसों को वाया सहारनपुर, देवबंद होकर भेजा जाता था मगर कांवड़ की भीड़ से यहां भी लगातार जाम लगता है। इसलिए अब बसों को वाया करनाल व वाया कलसिया से सहारनपुर होकर भेजा जाता है। चूंकि, करनाल रूट ज्यादा दुरुस्त है, लिहाजा रोडवेज प्रबंधन का जोर इसी मार्ग पर रहता है। यह अलग बात है कि इस मार्ग पर यात्रियों को दोहरी मार पड़ती है। 63 किलोमीटर की दूरी अधिक होने के कारण इस मार्ग से दिल्ली पहुंचने में करीब डेढ़ से दो घंटे का समय अतिरिक्त लगता है, साथ ही किराया भी बढ़ जाता है।

मार्ग पर कई टोल बैरियर भी हैं। इसके कारण परिवहन निगम ने अतिरिक्त आर्थिक बोझ की जिम्मेदारी यात्रियों के कंधों पर डालने की तैयारी कर ली है। महाप्रबंधक दीपक जैन ने बताया कि बदले रूट की व्यवस्था शिवरात्री तक रहेगी। फिर बसें निर्धारित रूट पर ही चलेंगी। बढ़ा हुआ किराया भी कम कर दिया जाएगा। 

निजी वाहन भी जाएंगे वाया करनाल 

रोडवेज बसों के साथ ही परिवहन विभाग ने निजी वाहन स्वामियों से भी दिल्ली जाने के लिए वाया करनाल जाने की सलाह दी है। मेरठ रूट पर कांवडियों की भीड़ के चलते जाम लगा रहता है। ऐसे में आरटीओ दिनेश चंद्र पठोई ने भी अपील की है निजी वाहन स्वामी भी 28 जुलाई से दिल्ली के लिए करनाल रूट पकड़ें। 

Back to top button