टॉम क्रूज़ की ‘Mission Impossible 6’ ने पहले हफ़्ते में की ताबड़तोड़ कमाई, बनाया अनोखा रिकॉर्ड

मुंबई। टॉम क्रूज़ की मिशन इम्पॉसिबिल सीरीज़ की छठी फ़िल्म Mission Impossible Fallout की दीवानगी दुनियाभर के फैंस पर छायी हुई है, जिसका असर बॉक्स ऑफ़िस पर भी दिख रहा है। फ़िल्म ने पहले हफ़्ते में भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर धुआंधार कमाई की है। मगर, अब MI 6 के फैंस ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे Height Of Craziness यानि दीवानगी का चरम ही कहा जाएगा।

हाल ही में मिशन इम्पॉसिबिल फॉल आउट की स्पेशल स्क्रीनिंग 2000 फुट की ऊंचाई पर रखी गयी, जिसमें 2000 फैंस 4 घंटे की दुर्गम चढ़ाई करके फ़िल्म देखने पहुंचे। इस स्क्रीनिंग की तस्वीर सोशल मीडिया में साझा करते हुए टॉम क्रूज़ ने इस अदुभुत स्क्रीनिंग की जानकारी दी है। ख़ुद टॉम क्रूज़ इस बेहद स्पेशल स्क्रीनिंग में शामिल नहीं हो सके, जिसका उन्होंने खेद व्यक्त किया है। टॉम लिखते हैं- 2000 फुट, 2000 लोग, 4 घंटों की चढ़ाई। मिशन इम्पॉसिबिल फॉल आउट की सबसे मुश्किल स्क्रीनिंग। आने के लिए सभी का शुक्रिया। काश मैं भी वहां आ सकता।

वाकई मानना पड़ेगा। फ़ैंस की दीवानगी जो ना कराए वो कम है। बहरहाल, अब आपको बताते हैं कि यह अनोखी स्क्रीनिंग आख़िर हुई कहां। इसके सूत्र भी मिशन इम्पॉसिबिल 6 की कहानी से ही जुड़े हैं। फ़िल्म के क्लाइमैक्स में आप देखते हैं कि एजेंट ईथन हंट यानि टॉम क्रूज़ को एक दुर्गम पर्वत की साइड पर चढ़ रहे हैं। यह नॉर्वे की Preikestolen पर्वत श्रृंखला है, जिसे पल्पिट रॉक भी कहा जाता है। यह एक बेहद मशहूर पर्यटन स्थल भी है। फ़िल्म के निर्देशक क्रिस्टोफर मैक्वायर ने क्लाइमैक्स यहीं शूट किया है। इसीलिए स्क्रीनिंग के लिए भी इसी पर्वत की समतल चोटी को चुना गया। एक फैन ने इस स्क्रीनिंग की एक नज़दीक़ी तस्वीर भी शेयर की है।

अब अगर Box Office Heights की बात करें तो मिशन इम्पॉसिबिल भारत समेत पूरी दुनिया में धमाल मचा रही है। 27 जुलाई को रिलीज़ हुई फ़िल्म ने यहां 10 करोड़ के आसपास ओपनिंग ली थी और 37 करोड़ की बड़ी रकम ओपनिंग वीकेंड में ही जमा कर ली थी। इसके साथ रिलीज़ हुई साहेब बीवी और गैंगस्टर 3 ने पानी तक नहीं मांगा और फ़िल्म पूरी तरह वॉश आउट हो गयी। मिशन इम्पॉसिबिल की रफ़्तार पहले सोमवार को कुछ मंद हुई, मगर फ़िर भी इसने लगभग 5 करोड़ का कलेक्शन किया। मंगलवार को फ़िल्म 4 करोड़ जमा करने में कामयाब रही और इसके साथ इसका 5 दिन का कलेक्शन 46 करोड़ हो गया।

टॉम की मिशन इम्पॉसिबिल सीरीज़ की पिछली फ़िल्म रोग नेशन ने 48 करोड़ का कलेक्शन किया था, जिसे फॉलआउट पहले ही हफ़्ते में पीछे छोड़ दिया है। फ़िल्म ने 54.75 करोड़ पहले हफ़्ते (27 जुलाई से 2 अगस्त तक) में जमा कर लिये हैं। सबसे ज़रूरी बात यह है कि इस फ़िल्म को क्रिटिक्स ने भी काफ़ी पसंद किया है। उन्होंने इसे टॉम का अब तक का बेस्ट मिशन बताया है। हालांकि भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर टॉप 10 हॉलीवुड फ़िल्मों में शामिल होने का मिशन अभी दूर है-

10. द अमेज़िंग स्पायडरमैन- 96 करोड़

9. स्पायडरमैन 3- 100 करोड़

8. 2012- 102 करोड़

7. एवेंजर्स- एज ऑफ़ अल्ट्रॉन- 111 करोड़

6. जुरासिक वर्ल्ड- फॉलन किंगडम- 117 करोड़

5. जुरासिक वर्ल्ड- 152 करोड़

4. अवतार- 145 करोड़

3. फ्यूरियस 7- 172 करोड़

2. जंगल बुक- 188 करोड़

1. एवेंजर्स- इनफिनिटी वॉर- 222.69 करोड़

https://twitter.com/TomsCruiser/status/1025003480568786945

Back to top button