पंजाब की महिलाओं के लिए अच्छी खबर, पुलिस ने रात को शुरू की है यह खास सुविधा

चंडीगढ़। अगर आप महिला हैं और चंडीगढ़ में रहती हैं तो देर रात होने पर घर पहुंचने के लिए आप पुलिस की मदद ले सकती हैं। इसके लिए बस आपको टोल फ्री नंबर 1091 या 100 पर कॉल करनी होगी। कुछ ही देर में पीसीआर आपके सामने हाजिर होगी, जो सुरक्षित आपको आपके घर तक पहुंचा देगी।

यूं तो चंडीगढ़ पुलिस महिला सुरक्षा के मद्देनजर इसे काफी समय शुरू कर चुकी है, लेकिन शहर में इसके प्रति महिलाएं व लड़कियां जागरूक नहीं हैं। इसके लिए अब सांसद किरण खेर आगे आई हैं उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो वायरल कर महिला जागरूकता के लिए अभियान छेड़ा है।

लगभग एक मिनट के इस वीडियो में किरण खेर का कहना है कि अगर कोई महिला या लड़की रात को दस बजे के बाद कहीं बाहर हैं और उन्हें कोई पब्लिक ट्रांसपोर्ट नहीं मिल रहा है तो वह पुलिस को कॉल कर सकती हैं। उन्हें घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी पूरी तरह से पुलिस की होगी।

बता दें, चंडीगढ़ में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की बढ़ती घटनाओं के बाद पुलिस ने उन्हें रात को घर छोड़ने की सुविधा देने का फैसला लिया था, लेकिन जागरूकता अभियान न चलाए जाने के कारण अधिकांश महिलाओं व लड़कियों को इस सुविधा के बारे में पता नहीं है। अब महिलाओं को दी जाने वाली सुविधा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए सांसद ने वीडियो वायरल किया है।

Back to top button