बहन-बहनोई की शादी की सालगिरह पर नवादा आए युवक की बदमाशों ने गोली मारकर की हत्या

अरवल के एक युवक की बदमाशों ने नवादा में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शनिवार की शाम नवादा बाईपास स्थित चमड़ा गोदाम के समीप घटी बतायी जाती है। मृतक नीतीश कुमार (26) अरवल जिले के निधवा लोदीपुर गांव के विनय भारती का बेटा था। वह अपने बहन-बहनोई की शादी की सालगिरह पर नवादा आया था। 

उसका बहनोई अभिषेक कुमार उर्फ छोटू पुरी शहर के मालगोदाम का रहने वाला बताया जाता है। घटना के वक्त नीतीश अपने बहनोई अभिषेक के साथ किसी काम से बाईपास की ओर गया था। इसी बीच बदमाशों ने उसे गोली मार दी। घटना के बाद नीतीश को सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सदर एसडीपीओ उपेन्द्र प्रसाद ने नगर थाने के प्रभारी एसएचओ नरोत्तम के साथ देर शाम सदर अस्पताल पहुंचे। एसडीपीओ ने मृतक के परिजनों से घटना की बाबत पूछताछ की व उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। 

बकाया मांगने को लेकर विवाद 
बताया जाता है कि शहर के गोनावां के रौशन कुमार उर्फ चिरकुट के पास अभिषेक का कुछ रुपया बकाया था। शनिवार की शाम बाईपास में घटनास्थल के समीप रास्ते में उसे रौशन मिल गया। अभिषेक ने उससे अपने बकाया पैसों की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी बीच रौशन ने पिस्टल से गोली चला दी। गोली अभिषेक को नहीं लगकर नीतीश को लग गयी। 

दो दिनों पूर्व ही आया था नीतीश 
परिजनों के मुताबिक नीतीश अपने घर से दो दिनों पूर्व बहन-बहनोई की शादी के सालगिरह में भाग लेने नवादा आया था। शुक्रवार को दोनों की सालगिरह थी। अभिषेक मूलत: कादिरगंज ओपी के आंती गांव का रहने वाला है। वह नवादा में रहकर भाड़े पर गाड़ी चलवाता है। इधर, नगर थाने की पुलिस अभिषेक को लेकर घटनास्थल की ओर निकल गयी है। आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। 

पैसों के लेनदेन के विवाद में वारदात को अंजाम दिए जाने की बात अभी तक सामने आयी है। रौशन कुमार नामक युवक पर गोली मारने का आरोप लगाया जा रहा है। पूरी घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी। 

Back to top button