ओडिशा और पश्चिम बंगाल के साथ इन इलाको में भी दिखेगा चक्रवाती तूफान का असर…

ग्लोबल वार्मिंग के कारण मौसम का ट्रेंड लगातार बदल रहा है। अप्रैल और मई के महीने में भी लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है। बीते कुछ वर्षों में ऐसी परिस्थिति कभी नहीं देखने को मिली है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि आज से देश के कुछ हिस्सों में तापमान में वृद्धि हो सकती है। लेकिन साथ ही कुछ इलाके चक्रवाती तूफान की चपेट में भी आने वाले हैं। समुद्र से सटे ओडिशा और पश्चिम बंगाल के अलावा इसके आसपास के राज्यों के लोग भी इससे प्रभावित होंगे।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को 7 मई से 10 मई के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। आईएमडी के अनुसार, दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित होने की संभावना है। इसके कारण 7 मई के आसपास इसी क्षेत्र में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की भी संभावना है। आईएमडी ने यह भी कहा है कि, “8 मई के आसपास बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व में चक्रवाती तूफान आने की संभावना है।”

भारी बारिश का अनुमान
7 मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 8-10 मई के दौरान भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान आस-पास के क्षेत्रों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है। यह गति 70 को भी पार सकती है। 10 मई के बाद से हवा की गति 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़कर 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक होने की प्रबल संभावना है।

दिल्ली में भी बारिश के आसार
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक, दिल्ली में आज भी बारिश हो सकती है। साथ ही आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इसका मतलब यह हुआ कि दिल्ली वालों को अभी गर्मी से राहत मिलती रहेगी। हालांकि, यह राहत कब तक जारी रहेगी, इसके बारे में अभी कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में तापमान 21 से 35 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

Back to top button