ओडिशा पहुंचा चक्रवाती तूफान, मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की दी चेतावनी

चक्रवाती तूफान ‘डे’ ने ओडिशा में दस्तक दे दी है। शुक्रवार की सुबह यह गोपालपुर के पास समुद्र तट पर पहुंचा। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही अगले 24 घंटों के लिए मछुआरों को समुद्री तटों पर न जाने की सलाह दी गई है। ओडिशा पहुंचा चक्रवाती तूफान, मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की दी चेतावनी

भुवनेश्वर स्थित मौसम विभाग के निदेशक एच. आर. बिश्वास ने बताया कि चक्रवाती तूफान ‘डे’ बंगाल की खाड़ी से 23 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चला और यह शुक्रवार की सुबह दक्षिण ओडिशा पार हो गया। उन्होंने कहा कि यह तूफान पश्चिम-उत्तर पश्चिमोत्तर दिशा की ओर बढ़ता रहेगा और बाद में कमजोर हो जाएगा। 

मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस चक्रवाती तूफान की वजह से गजपति, गंजम, पुरी, रायगढ़, कालाहांड़ी, कोरापुट, मल्कानगिरी, नवरंगापुर जिलों के कुछ स्थानों में भारी बारिश हुई है। इसके प्रभाव से रायगढ़, कालाहांड़ी, कोरापुट और नवरंगापुर जिलों में कई स्थानों पर शनिवार तक भारी बारिश होने के आसार हैं। 

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक दक्षिण ओडिशा तट पर 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने की चेतावनी दी है। 

हालांकि मौसम विभाग ने पहले ही तूफान के आने के चेतावनी जारी कर दी थी, जिसके बाद राज्य सरकार ने भी तटीय जिलों और कई विभागों के अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के निर्देश जारी किए थे। 

इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एक समीक्षा बैठक की थी और अधिकारियों को स्थिति पर कड़ी नजर रखने और जानमाल की कोई हानि न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने के निर्देश दिये थे। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को पर्याप्त राहत सामग्री की व्यवस्था करने के लिए भी कहा था। 

मौसम विभाग के मुताबिक, यह तूफान आंध्र प्रदेश के भी तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाएगा। इन दोनों ही राज्यों में चेतावनी जारी होने के बाद राज्य सरकारें अलर्ट हो गई थीं और अधिकारियों को समुचित व्यवस्था करने के निर्देश जारी कर दिए थे।    

Back to top button