देश के बड़े हिस्सों में मानसून की विदाई के बाद बढ़ने लगी ठंड

देश के बड़े हिस्से से मानसून की विदाई हो चुकी है। इसके बाद जैसे ही बादल छंटे और आसमान साफ हुआ, ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। हालांकि दिल्ली समेत कुछ राज्यों में छिटपुट बारिश का दौर जारी रहेगा, लेकिन मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि इस सीजन के लिए मानसून पूरी तरह विदा हो चुका है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, छत्तीसगढ़, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में ठंड ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। अधिकांश शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के करीब पहुंच गया है। वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी के बीच तापमान शून्य से नीचे आगे गया है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में यही हाल हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी का असर जल्द ही मैदान राज्यों में नजर आएगा।

शुरू हुई दिल्ली वाली सर्दी

राजधानी दिल्ली में भारी बारिश का दौर थम गया है। हालांकि मौसम विभाग ने छिटपुट बारिश का अनुमान लगाया है। वहीं दिल्ली में रात को सर्दी का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में रात का तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 18.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इस तरह गुरुवार को मौसम की सबसे ठंडी रात रही। इस बीच, मौसम विशेषज्ञों ने भविष्यवाणी की है कि अगले सात दिनों में रात के तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

जानिए राजस्थान के मौसम का हाल

राजस्थान में भी ठंड ने दस्तक दे दी है। जानकारी के मुताबिक, यहां 18 शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के नीचे पहुंच गया। जोधपुर में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के माैसम विभाग का अनुमान है कि अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में तापमान सामान्य से नीचे पहुंच जाएगा। इसके बाद नवंबर में शीतलहर चलने की आशंका है। मध्य प्रदेश के शहरों में भी यही हाल है। इंदौर के साथ ही भोपाल और ग्वालियर में रात का तापमान तेजी से गिरा है। दिन की शुरुआत भी ठिठुरन के साथ हो रही है।

Back to top button