कंक्रीट के ढेर में दबा था बुजुर्ग महिला का शव, ट्रक गुजरा तो पता चला

जोधपुर. बनाड़ थानांतर्गत नांदड़ी डिफेंस कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान के निकट पड़े कंक्रीट के ढेर में शुक्रवार सुबह एक वृद्धा का शव मिला। इसका पता तब चला, जब यहीं पर बजरी लेकर आए एक ट्रक का पहिया कंक्रीट के ढेर के ऊपर से निकला, तब उसमें दबी महिला का पैर नजर आया। मौके पर पहुंची पुलिस ने औंधे मुंह पड़ी महिला के शव को निकलवाया। उसकी पहचान क्षेत्र में डिफेंस कॉलोनी के प्लॉट नंबर 72-सी में रहने वाली नर्मदा देवी चौहान (66) पत्नी स्व. तुलसीराम के रूप में हुई। पुलिस ने निर्माणाधीन मकान के ठेकेदार की रिपोर्ट पर अज्ञात शख्स के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने फिलहाल शव मोर्चरी में रखवाकर वृद्धा के परिजनों की तलाश शुरू की है। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि नर्मदा देवी मूलतया पाली जिले के सोजत क्षेत्र की रहने वाली थी और काफी समय से यहां खुद के मकान में अकेली रह रही थी।
कंक्रीट के ढेर में दबा था बुजुर्ग महिला का शव, ट्रक गुजरा तो पता चला
बनाड़ थानाधिकारी जोगेंद्रसिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे सूचना मिली कि नांदड़ी डिफेंस कॉलोनी में बलदेव चौधरी के निर्माणाधीन मकान के पास कंक्रीट के ढेर में महिला का शव पड़ा है। इसका पता तब चला, जब यहां एक ट्रक बजरी खाली करने आया था और उसका एक पहिया कंक्रीट के ढेर के ऊपर से निकला, तो महिला का एक पैर बाहर दिखा। ट्रक का एक पहिया शव के कमर वाले हिस्से के ऊपर से निकला था, इस वजह से यह हिस्सा बुरी तरह कुचल गया। मामले की जानकारी मिलने पर एसीपी (मंडोर) भोपालसिंह लखावत व अन्य भी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में इसके अलावा मृतका की गर्दन या शरीर के किसी अन्य हिस्से पर कोई चोट के निशान भी नहीं मिले हैं। आसपास रहने वाले लोगों से पता चला कि उनका मोहल्ले में किसी के यहां आना-जाना भी नहीं था। इससे महिला के परिजनों या रिश्तेदारों के बारे में भी पुलिस को जानकारी नहीं मिल पाई है।

ब्याज-बट्टे या प्रॉपर्टी विवाद की संभावना से इनकार नहीं

पुलिस के अनुसार क्षेत्र के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर नर्मदा देवी लोगों को रुपए ब्याज पर भी देती थी। इससे पहले सरदारपुरा और महामंदिर में भी उसने मकान बेचा था और बाद में यह मकान खरीदा था। महिला के घर पर ताला लगा था और उसकी चाबी शव के पास भी नहीं मिली। ऐसे में आशंका है कि हत्या में किसी परिचित का भी हाथ हो सकता है। रात को पुलिस का मृतका के एक रिश्तेदार से संपर्क हुआ, जिसने खुद को नर्मदा देवी के जेठ की पुत्रवधु बताया।

इसे भी देखें:- भारतवासियों के लिए आई सबसे बड़ी खुसखबरी, इंजीनियरों के इस कमाल से पेट्रोल डीजल से नहीं सिर्फ हवा से चलेगी कार

देर रात दूसरी जगह हत्या कर शव यहां छुपाने का संदेह

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नर्मदा देवी को लोगों ने आखिरी बार गुरुवार रात करीब 8-9 बजे के आसपास देखा था। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि हत्या किसी दूसरे स्थान पर करने के बाद शव को यहां कंक्रीट के ढेर में छुपाया गया होगा। मौके पर किसी तरह के संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। मृतका के सोने की चेन-अंगूठी सहित चांदी के आभूषण पहने हुए थे। घर पर भी ताले लगे थे। पुलिस टीम ने मकान के ताले तोड़कर तलाशी ली। फाेरेंसिक एक्सपर्ट व डॉग स्क्वायड की टीम ने घर और घटना स्थल पर छानबीन की। पुलिस ने लूट के इरादे से हत्या की संभावना से इनकार किया है।

Back to top button