उत्तराखंड में सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों में कार्यरत महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुष्कर सिंह धामी का एक्शन..

उत्तराखंड में सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों में कार्यरत महिलाओं की सुरक्षा और पंजीकरण के लिए पुलिस विभाग ने गौरा शक्ति एप सुविधा प्रारंभ कर दी है। शनिवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने एप का शुभारंभ किया। उन्होंने पुलिस को महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा है। 

शनिवार को सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि इस एप के जरिए किसी भी संस्थान में कार्यरत महिला अपना स्व पंजीकरण करा सकेंगी। मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी – गैरसरकारी कार्यालयों में कार्यरत महिलाओं को इस एप में रजिस्ट्रेशन के लिए प्रेरित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि गौरा शक्ति के तहत प्राप्त होने वाली शिकायतों पर संबंधित थानों से त्वरित कारवाई की जाए। इस एप में रजिस्ट्रेशन करने वाली सभी महिलाओं की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए प्रत्येक जनपद में एक महिला सब इंस्पेक्टर और थानों में एक महिला सब इंस्पेक्टर के साथ एक महिला कांस्टेबल तैनात की गई है।

महिलाओं द्वारा रजिस्ट्रेशन किए जाने के साथ ही इसकी जानकारी संबंधित थाने में महिला सब इंस्पेक्टर को प्राप्त होगी, पुलिस फिर महिला से बात कर प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी देगी, साथ ही समय समय पर महिलाओं से फीडबैक भी लिया जाएगा। गौरा शक्ति के जरिए महिलाएं ई-शिकायत भी दर्ज करा सकती हैं, साथ ही इसमें महिलाओं के कानूनी अधिकारों की जानकारी और महत्वपूर्ण फोन नम्बर भी उपलब्ध हैं।

Back to top button