बजरंगी की हत्या करने वाला सुनील राठी 5 दिन से की भूख हड़ताल, सेंट्रल जेल प्रशासन के उड़े होश
August 1, 2018
1 minute read
डॉन मुन्ना बजरंगी का हत्यारोपी सुनील राठी फर्रुखाबाद की सेंट्रल जेल में 5 दिन से भूखा है। इस वजह से जेल प्रशासन के होश उड़े हुए हैं।बागपत जेल में पूर्वांचल के माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी, इसमें माफिया सुनील राठी को आरोपी बनाया गया। शासन ने सुनील राठी को बागपत जेल से फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में शिफ्ट कर दिया। सुनील के आने के बाद जेल प्रशासन ने उसकी मुलाकात पर रोक लगा दी। कई दिनों बाद जेल प्रशासन ने सुनील के परिवार वालों की मुलाकात कराई।
सुनील को बागपत जैसी सुविधा न मिल पाने से उसे जेल के अंदर परेशानी होने लगी। यहां पर उसे हाई सिक्योरिटी सेल में रखा गया। चटाई पर ही सोना पड़ रहा है। उसके ऊपर जेल प्रशासन की कड़ी नजर है।
इस वजह से सुनील ने कर दी भूख हड़ताल
जेल सूत्रों की मानें तो सुविधाओं की मांग के लिए सुनील राठी ने भूख हड़ताल कर दी है। उसने पांच दिन से खाना नहीं खाया। केवल पानी पी रहा है। जेल प्रशासन से सेल में लेटने को राठी अपने लिए तख्त और कमोड की व्यवस्था कराने की मांग कर रहा है।
सीने में दर्द होने की शिकायत करता है राठी
जेल प्रशासन ने इसके लिए उसे साफ मना कर दिया। सुनील ने अपनी तबियत को भी खराब बताया। इससे पहले भी वह कभी पैर में तो कभी सीने में दर्द होने की शिकायत करता रहता है। उधर, जेलर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि सुनील भूख हड़ताल पर नहीं है। दबाव बनाने के लिए यह सब बातें सामने आ रही हैं।