लखनऊ में फूंका गया सिद्धू का पुतला, कार्यकर्ताअों पर हुई लाठीचार्ज और पथराव

लखनऊ। राजधानी स्थित हजरतगंज चौराहे पर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा मंगलवार शाम कांग्रेस मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस बीच दारोगा सुभाष ने चौराहे पर पुतला दहन का विरोध किया तो कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की उनसे भिड़ंत हो गई। पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। कार्यकर्ताओं ने भी पथराव किया। इस दौरान दर्जन भर से अधिक कार्यकर्ता घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना से आक्रोशित सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने हजरतगंज चौराहे पर हंगामा कर नारेबाजी शुरू कर दी। अधिकारी मौके पर पहुंचे। उधर, भाजायुमो के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की सूचना पर विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक समेत अन्य पदाधिकारी सिविल अस्पताल पहुंचे। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंश ने कहा कि पाकिस्तान जाकर सिद्धू ने देश का सिर नीचा कर दिया है।

मोर्चा के पदाधिकारी शांति पूर्ण ढंग से पुतला दहन कर प्रदर्शन कर रहे थे, तभी पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज कर दिया। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने दोषी पुलिस कर्मियों के निलंबन की मार्ग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि कार्यकर्ताओं ने दारोगा का कालर पकड़कर पिटाई की थी। खदेडऩे के दौरान कार्यकर्ता गिरने के कारण चोटिल हो गए।

Back to top button