शिवपाल यादव का बड़ा बयान: कहा- मैं एजेंट नहीं हूं, BJP को खत्म करने के लिए बनाया मोर्चा
October 17, 2018
1 minute read
समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के मुखिया शिवपाल यादव ने कहा कि वे भाजपा के एजेंट नहीं हैं बल्कि उसे हटाने के लिए उन्होंने मोर्चा गठित किया है। बंगला आवंटन के सवाल पर कहा कि पांच बार से विधायक हूं और हक बनता है मेरा। बंगला आवंटित कर किसी ने मुझे उपकृत नहीं किया है।
उन्होंने कहा पार्टी में 30 साल की मेहनत के बाद उपेक्षा और अपमान के कारण समाजवादी सेक्युलर मोर्चा बनाना पड़ा। अब कदम आगे बढ़ गए हैं और किसान, नौजवान और मुसलमान को आगे लेकर चुनाव लड़ा जाएगा।
शिवपाल यादव एक सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। योगी सरकार के मंत्री द्वारा भाजपा का एजेंट बताए जाने की बात पर कहा कि वह भाजपा के एजेंट नहीं हैं। भाजपा से कभी उनके विचार नहीं मिले। वे तो उसे हटाने के लिए आए हैं।
उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश में जितनी भी सरकारें आई किसानों का हित नहीं किया। इसलिए किसानों को साथ लेकर सेक्युलर मोर्चा आगे बढ़ेगी। इसमें नौजवानों और मुसलमानों का भी साथ अहम रहेगा। इसके अलावा बाराबंकी में अब तक समाजवादी पार्टी का भले ही गढ़ रहा हो, लेकिन अब बाराबंकी सेक्युलर मोर्चा का जल्द ही गढ़ होगा।
पार्टी विस्तार पर शिवपाल बोले कि जल्द ही मोर्चा का विस्तार होगा जिसमें जिला स्तरीय कमेटी का गठन कर पदाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। कार्यकर्ता धैर्य से काम करें और पार्टी को मजबूत करने के लिए मेहनत करते रहें।
उन्होंने आयोजन के लिए भाकियू के प्रांतीय महासचिव मुकेश सिंह को सराहा। इस मौके पर सिद्दीकि पहलवान, डॉ. विकास यादव, सौरभ द्विवेदी आदि मौजूद रहे।